पूर्णिया में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता सैयद शाहनवाज़ हुसैन (Shahnawaz Hussain) ने एक बार फिर विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए बिहार की सियासत को गरमा दिया है। उन्होंने कहा कि अमित शाह की रणनीति और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए पूरी मजबूती से मैदान में उतर चुकी है और जनता के रुझान से साफ है कि बिहार में विकास के एजेंडे पर एनडीए सरकार बनाने जा रही है।
शाहनवाज़ हुसैन ने आत्मविश्वास से कहा, “बिहार की जनता अब जाति या नारे की नहीं, बल्कि विकास की राजनीति चाहती है। यही कारण है कि गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट कहा है कि एनडीए इस चुनाव में 160 से 180 सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।”
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखे वार करते हुए कहा कि राहुल गांधी अब “पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं” और ऐसे बयान दे रहे हैं जो देश की सेना और उसकी वीरता पर सवाल उठाते हैं। शाहनवाज़ ने कहा, “राहुल गांधी ने ‘10% आबादी सेना को नियंत्रित करती है’ जैसी बात कहकर देश के वीर जवानों का अपमान किया है। यह न केवल गैर-जिम्मेदाराना बयान है बल्कि सेना का मनोबल गिराने वाला भी है। उन्हें इसके लिए देश से माफ़ी मांगनी चाहिए।”
वोटिंग से पहले ललन चले गए तेजस्वी यादव के साथ.. NDA को बड़ा झटका
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी जिस तरह की भाषा बोलते हैं, वह ‘शहरी नक्सली’ विचारधारा से प्रेरित लगती है। शाहनवाज़ ने कहा कि जनता ऐसे बयानों को कभी माफ़ नहीं करेगी क्योंकि भारत की सेना किसी जाति या धर्म से नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति से संचालित होती है।
बीजेपी नेता ने चुनावी माहौल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “लालू जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया जी अपने बेटे को प्रधानमंत्री। लेकिन न तो मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली है और न प्रधानमंत्री की। देश को नरेंद्र मोदी जैसे नेता की जरूरत है और बिहार को नीतीश कुमार जैसे अनुभवी नेतृत्व की।”
उन्होंने प्रशांत किशोर पर भी तंज कसते हुए कहा कि “जो दो साल पैदल चलते रहे, वह चुनाव से पहले ही मैदान से बाहर हो गए। लेकिन बीजेपी के नेता हमेशा जनता के बीच पैदल ही चलते हैं, क्योंकि जनता से सीधा संवाद ही हमारी ताकत है।”






















