लोक गायिका पद्म भूषण डॉक्टर शारदा सिन्हा का पार्थिव शरीर दिल्ली से पटना एयरपोर्ट पहुंचा. इस दौरान भाजपा के कई बड़े नेता अश्विनी चौबे, उपमख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, माहेश्वरी हजारी मौजूद थे। उनका शव पटना एयरपोर्ट से उनके निवास स्थान के लिए रवाना हो चुका है, जहां उन्हें अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार की सुबह पटना में किया जाएगा।

बता दें कि बिहार की लोकप्रिय गायिका और ‘बिहार कोकिला’ के नाम से मशहूर शारदा सिन्हा का 5 नवंबर की रात 9 बजकर 20 मिनट पर निधन हो गया। छठ महापर्व के नहाय खाय की संध्या पर आई इस खबर ने पूरे राज्य को गमगीन कर दिया। शारदा सिन्हा का नाम छठ पूजा के साथ इतना गहराई से जुड़ा था कि उनके बिना यह पर्व अधूरा-सा लगता था।
नीतीश कुमार ने घोषणा की है की पूरे राजकीय सम्मान के साथ शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार होगा। शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमान सिन्हा ने बताया कि उनकी मां का अंतिम संस्कार पटना के गुलबी घाट पर होगा, उसी स्थान पर जहां कुछ समय पहले उनके पिता का भी अंतिम संस्कार किया गया था। पटना में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा।




















