शेखपुरा में मिशन थाना के थानेदार की संदिग्ध हालत में शुक्रवार को मौत हो गई। जिस दिन उनका तबादला हुआ उसी दिन शव सरकारी क्वार्टर के कमरे में पाया गया है। घटना बरबीघा प्रखंड क्षेत्र की है। थानेदार की पहचान बालमुकुंद राय(50) के रूप में हुई है। बालमुकुंद राय भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद से पुलिस महकमा में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कप्तान बलीराम चौधरी, DSP अरविंद कुमार सिन्हा, मुख्यालय DSP सहित जिले भर के थाने की पुलिस और पदाधिकारी रेफरल अस्पताल बरबीघा पहुंच गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
बालमुकुंद राय मिशन थाना में पदस्थापित थे। शुक्रवार को दिन में ही उनका जयरामपुर थाना में तबादला किया गया था। मिशन थाना में पदस्थापित होने के बावजूद जगह के अभाव के कारण वे बरबीघा थाना परिसर में ही रह रहे थे। बरबीघा थानाध्यक्ष वैभव कुमार ने बताया कि बरबीघा में एक्सिस बैंक लूट मामले का खुलासा करने के लिए वो पटना गए हुए थे। शुक्रवार की रात 10 बजे के करीब जब वे थाना वापस लौटे तो उन्होंने बालमुकुंद राय को आवाज लगाई। बार-बार आवाज लगाने के बाद जब उधर से कोई कुछ बोला नहीं तो कमरे में गए। कमरे का दरवाजा खुला था। जैसे ही मैं कमरे में घुसा तो देखा कि बालमुकुंद राय मुंह के बल मृत अवस्था में बेड पर पड़े हैं। उनके मुंह से झाग भी निकल रहा था।
इसके बाद मैंने तुरंत इस घटना की जानकारी SP को दी। आनन-फानन में उन्हें अन्य पुलिस कर्मियों के सहयोग से रेफरल अस्पताल बरबीघा ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बालमुकुंद राय का चेहरा और हाथ का नाखून नीला पड़ चुका था। डॉक्टर मौत के कारण का अभी तक कोई स्पष्ट अनुमान नहीं लगा पाए हैं। कुछ लोग हार्ट अटैक या किसी जहरीले जीव के काटने की वजह से मौत की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, अब पोस्टमॉर्टम होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल इस घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।