संसद का शीतकालीन सत्र (SIR Row in Parliament) आज फिर हंगामे की भेंट चढ़ गया। लोकसभा की कार्यवाही 3 दिसंबर को सुबह 11 बजे तक स्थगित हो गई है। SIR पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष के विरोध पर केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि हमने बार-बार शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से चर्चा करने की अपील की है। हमने हमेशा कहा है कि एक मुद्दा उठाने के लिए आप दूसरे मुद्दों पर समझौता नहीं कर सकते। कुछ पार्टियों का सदन में रुकावट डालना ठीक नहीं है। चुनाव में जीत और हार तो होती ही रहती है लेकिन इस हार का गुस्सा संसद में निकालना ठीक नहीं है। हम किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं। मैं विपक्षी सांसदों से अपील करता हूं कि वे सदन की कार्यवाही में रुकावट न डालें।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि विपक्ष के लोग जनता की कमाई का पैसा बर्बाद कर रहे हैं। सदन में कोई काम नहीं होने दे रहे हैं, बाधित कर रहे हैं। उन्हें सदन में चर्चा करने में कोई रुचि नहीं है। SIR कोई मुद्दा है ही नहीं, यह बिहार की जनता ने बता दिया है।
भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि विपक्षी लोग काम नहीं करने देना चाहते हैं, संसद को नहीं चलने देना चाहते हैं। जनता के पैसे, समय का यह दुरुपयोग है। बिहार में SIR हुआ और वहां चुनाव अच्छा हुआ। SIR पूरे देश में होना है, तो इसका विरोध करने का क्या मतलब है। SIR में सही वोटर का नाम नहीं कटेगा और जो गैर नागरिक, घुसपैठिये हैं, उनको बाहर किया जा रहा है। यह SIR का विरोध करने की जगह नहीं है, यह गलत है।
LJP-रामविलास सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि SIR का पैच टेस्ट बिहार में हो चुका है और बहुत खूबसूरती से लोकतंत्र को चुनाव आयोग ने मजबूत करने का काम किया है और भारतवासी का जो मतदान करने का अधिकार उसको मजबूत करने का काम किया है। पिछले सत्र में भी हमने देखा था ये SIR मुद्दे पर सदन चलने नहीं दिया था और उसके बाद बिहार चुनाव हुआ और उसमें विपक्ष को करारा जवाब दिया गया। लेकिन उसके बाद भी इनके नज़रिया में कोई बदलाव नहीं आया है। ये लोग सदन का समय बर्बाद कर रहे हैं।
RJD विधायक भाई वीरेंद्र का बड़ा दावा- बिहार में महाराष्ट्र मॉडल दोहराएगी BJP !
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी के कल संसद में कुत्ता लाने पर हुए विवाद के बाद लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मेरा मानना है कि आज कुत्ता ही मेन टॉपिक है। बेचारे कुत्ते ने क्या किया? क्या कुत्तों को यहाँ आने की इजाज़त नहीं है? शायद पालतू जानवरों को यहाँ आने की इजाज़त नहीं है। मुझे लगता है कि आजकल भारत इन्हीं चीज़ों पर चर्चा कर रहा है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि देश में बहुत बड़े मुद्दे हैं। प्रदूषण, SIR, ऐसे तमाम मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। हम शुरु से यही कह रहे हैं। हम तो पिछले सत्र से चर्चा की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार किसी भी चीज पर चर्चा के लिए तैयार नहीं है। सदन लोकतंत्र का मंदिर है और लोकतंत्र का मतलब है कि सारी आवाजे उठें और सब सुनें।
कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर और चुनाव आयोग को प्रभावित करके चुनाव के नतीज़ों को प्रभावित करने का काम कर रही है। निष्पक्ष चुनाव नहीं रहा जो लोकतंत्र में महत्वपूर्ण हैं। तो इस चर्चा होना चाहिए और SIR पर जो सवाल उठे हैं उन सवालों का जवाब मिलना चाहिए। हम चाहते हैं कि इन सवालों पर चर्चा हो और हम उम्मीद करते हैं कि सरकार निष्पक्षता से चर्चा कराएगी।






















