झारखंड पुलिस के हवलदार पशुपतिनाथ तिवारी की हत्या सरकारी नौकरी के लिए बेटे ने ही की थी। उनके इकलौते बेटे विशाल तिवारी और उसके दोस्त मो. जिशान अहमद जिलानी की गिरफ्तारी हुई है। घटना चांदी थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव की है। बिहार की भोजपुर पुलिस ने मामले का खुलासा किया। सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मृतक का बेटा विशाल तिवारी और हजारीबाग जिले के मो. जिशान अहमद जिलानी शामिल है। विशाल को उसके गांव से, जिशान को हजारीबाग से गिरफ्तार किया गया। हत्या में इस्तेमाल मोबाइल बरामद कर लिया गया है। बाइक झारखंड में है। आरोपियों ने स्वीकार किया कि 19 दिसंबर की शाम करीब छह बजे दोनों बाइक से हजारीबाग से निकले और रात करीब डेढ़ बजे भगवतपुर पहुंचे। घर के पास पेड़ के सहारे मकान में घुसकर बरामदे में पलंग पर सो रहे पशुपतिनाथ तिवारी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।
वारदात बाद दोनों हो गए थे फरार
पहले बेटे और फिर उसके दोस्त ने चाकू से वारदात को अंजाम दिया। वारदात बाद दोनों बाइक से हजारीबाग की ओर फरार हो गए। भागने के दौरान सहार पुल के पास सोन नदी में चाकू और दस्ताने फेंक दिए। हवलदार पशुपतिनाथ तिवारी झारखंड पुलिस में हवलदार थे। 31 जनवरी 2026 को रिटायर्ड होने वाले थे। आरोपी विशाल को यह लालच था कि पिता की सेवा अवधि में मृत्यु होती है तो उसे अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी मिल सकती है। पैसों और संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
दो बीघा जमीन को लेकर भी विवाद
एसडीपीओ ने बताया कि विशाल नशे का आदी है। इस कारण पिता-बेटे के रिश्ते तनावपूर्ण थे। हाल में पशुपतिनाथ ने दो बीघा जमीन का एग्रीमेंट कराया था, जिसकी जानकारी बेटे को नहीं दी थी। इससे वह नाराज था। उसे आशंका थी कि पिता अपनी विवाहित बेटी प्रियंका तिवारी के नाम संपत्ति कर सकते हैं। इसी कारण हत्या की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद पहचान मिटाने के लिए मृतक का अंगूठा भी काट दिया।
बहन को रास्ते से हटाने की तैयारी में था
तकनीकी अनुसंधान और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने पहले जिशान को हिरासत में लिया। सख्त पूछताछ में पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ, जिसके बाद विशाल की गिरफ्तारी हुई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि करीब दो साल पहले भी बाइक हादसे के जरिए हत्या की साजिश रची गई थी, जो असफल रही थी। इस वारदात के बाद मृतक की बेटी को भी रास्ते से हटाने की योजना थी। फिलहाल मृतक की पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस मामले में चांदी थाना में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।





















