बिहार के सोनपुर में मेले की शुरुआत शनिवार को हो गई। उपमुख्यमंत्री सह पर्यटन मंत्री तेजस्वी यादव ने विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का उदघाटन किया। यह मेला 26.12.2023 तक संचालित होगा। उद्घाटन के अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह, राजस्व व भूमि सुधार मंत्री आलोक मेहता, कला संस्कृति मंत्री जितेंद्र कुमार राय, श्रम संसाधन मंत्री सुरेंद्र राम, विधान पार्षद डॉ. सुनील कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।


इस दौरान डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि पिछले साल भी उद्धाटन का मौका मिला था। इस साल फिर यह अवसर मिला है। यह पौराणिक स्थल है। मेरे पिता की कर्मभूमि भी है। यहां आने से पहले पिता लालू जी से बात हुई तो उन्होंने सोनपुर की जनता को शुभकामनाएं दी हैं। यह मेला लंबा चलेगा। सभी लोग अच्छे से मेले का लुत्फ उठाएं। इस मेले के लिए सभी ने सहयोग किया है। जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग सभी काम कर रहे हैं। इस मेले का इतिहास रहा है। मुगल काल से ही पशु मेला लगता रहा है। हम लोगों की कोशिश है कि इसे दूसरे लेवल पर ले जाएं। इसे और व्यापक बनाने की कोशिश है। पर्यटकों को आकर्षित करने की व्यवस्था कर रहे हैं। नियमों का पालन करते हुए सभी लोग रहें। कलाकारों को बेहतर मेहमाननवाजी मिले, यही उम्मीद है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि कई विधायकों और दूसरे लोगों ने सारण के विकास के बारे में चर्चा की है। महागठबंधन की सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व और लालू जी के आशीर्वाद से बनी है। समाज के सभी तबके के लोगों को आगे ले जाना है। डेढ़ साल से भी कम वक्त में हमारी सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
और देश को एक दिशा दिखाने का काम किया। हम सभी की मांग थी कि देश में जातीय जनगणना हो। लेकिन पीएम ने मना कर दिया। इसके बाद बिहार में कास्ट बेस्ड सर्वे हुआ। आज के माहौल में कहीं भी विकास की बात आए तो समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना जरुरी है। इसके लिए साइंटिफिक डेटा चाहिए।
डिप्टी सीएम ने कहा कि इस सरकार में सर्वे के बाद पता चला 94 लाख लोग गरीबी रेखा के नीचे मिले। गरीबी हर जाति में है। अब इन सभी के लिए योजना बनाना है। आंकड़ा आने के बाद गृह मंत्री अमित शाह आए तो बोले कि यादवों की संख्या बढ़ा दिया है। गृह मंत्री बोले कि यादव और मुसलमान का संख्या बढ़ा दिया गया है। झूठ बोलना उनका काम है। हमलोगों को बस काम करना है। उनके पास कोई आंकड़ा ही नहीं है। इन लोगों को पचता नहीं है। हमको जातिवादी कहते हैं। जबकि मेरी बीवी इसाई है। यह सरकार सामाजिक न्याय के साथ आर्थिक न्याय वाली भी है।
अब कोई भूमिहीन नहीं रहेगा : तेजस्वी
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अब कोई भूमिहीन नहीं रहेगा। सबको पक्का मकान मिलेगा। रोजगार के लिए सहायता मिलेगी। इन सभी योजनाओं को पूरा करने के लिए हमें 2.5 लाख करोड़ रुपए की जरुरत है। हर साल 50 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे तब पांच साल में बिहार से गरीबी खत्म हो जाएगी। लेकिन बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिल जाएगा तो दो साल में ही पूरा हो जाएगा। पहले केद्रांश 90 फीसदी होता था। अब 50 प्रतिशत भी हो गया है। इसलिए हमारी मांग है कि राज्यांश कम हो। बिहार पहला राज्य है जब एक साथ सवा लाख नियुक्ति पत्र दिया गया। फिर से सवा लाख की बहाली निकल गई है। तीन लाख नौकरियां तो दो विभागों में ही हो गई। अभी स्वास्थ्य विभाग में भी नौकरी होगी। इस दौरान तेजस्वी ने भाजपा पर तंज भी किया कि दो करोड़ की नौकरी देने का दावा करने वाले तलवार बांटते हैं। हम लोग कलम बांटने वाले हैं।

वहीं कला संस्कृति मंत्री जितेंद्र राय ने कहा कि सोनपुर मेला तो कई सालों से चल रहा है। हमलोग जब भी मेला में आए तो यही देखे कि सभ्यता और संस्कृति का संगम है। बिहार के हर कोने से लाखों लोग आते हैं। सोनपुर मेला का और विकास होना चाहिए। उपमुख्यमंत्री जी को धन्यवाद क्योंकि उनकी नजर हमेशा सारण पर रहती है। कई योजनाओं की शुरुआत हुई है। कई बाइपास दिए गए हैं। कई सड़कों का जीर्णोद्धार हुआ है। मॉडल हॉस्पिटल भी हो रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव तब भी कई काम हुए। जब भी हमारी सरकार रहती है, सारण पर विशेष नजर होती है।
सोनपुर मेला को भव्य बनाने हेतु पर्यटन विभाग द्वारा कई सारी तैयारियां की गयी है। मेला क्षेत्र में सांस्कृतिक पंडाल और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज का निर्माण कराया गया है। मेला क्षेत्र के सांस्कृतिक पंडाल में अस्थायी पर्यटक सूचना केंद्र का भी निर्माण किया गया है, जहां पर्यटक गाइडों की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा पर्यटन ग्राम में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त स्विस कॉटेज का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही पटना से सोनपुर जाने के लिए स्पेशल टूर पैकेज भी उपलब्ध कराया गया है। स्वीस कॉटेज की दर न्यूनतम रखी गयी है ताकि अधिक-से-अधिक पर्यटक इसमें ठहर कर मेले का आनंद उठा सकें। पूरे एक माह तक कॉटेज का चार्ज 2500 रुपये ही रखा गया है। सभी कॉटेज डबल बेड के हैं। इसमें फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं होंगी।
पर्यटकों के लिए कपल टूर पैकेज (एक रात व दो दिन) तैयार किया गया है। इसके लिए 6000 रुपये (दो व्यक्ति) देने होंगे, इसके तहत इटियोस एसी वाहन मुहैया कराया जाएगा। इसके अलावा टूरिस्ट गाइड, ठहरने, ब्रेकफास्ट, लंच, डिनर, स्नैक्स और पानी के साथ पर्यटक ग्राम में रात्रि विश्राम की सुविधा दी जाएगी। इस पैकेज में आर ब्लॉक स्थित होटल कौटिल्य विहार से दोपहर 12 बजे वाहन सोनपुर के लिए प्रस्थान करेगा। पहले दिन हरिहर नाथ मंदिर में दर्शन व पर्यटक ग्राम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया जा सकेगा। वहीं अगले दिन मेला भ्रमण करते हुए दोपहर बाद 3.30 बजे तक पटना वापस लौटेगी। एकदिवसीय स्पेशल टूर पैकेज आम पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। यह पैकेज दोपहर 12 बजे से संध्या सात बजे तक का होगा। इसके लिए एसी बस, विंगर, डेकर बस के लिए प्रति पर्यटक 900 रुपये, ट्रेवलर एसी से प्रति पर्यटक 950 रुपये, इनोवा (1100 रुपये प्रति व्यक्ति) और इटियोस (1300 रुपये प्रति व्यक्ति) का पेमेंट करना होगा। इस पैकेज दूर के तहत पर्यटकों को वाहन, टूरिस्ट गाइड, स्नैक्स और पानी दिया जायेगा। इस पैकेज में पर्यटक ग्राम से हरिहर क्षेत्र मेला व हरिहर नाथ मंदिर दर्शन की सुविधा प्रशिक्षित गाइड के साथ मिलेगी। अधिक जानकारी के लिए पर्यटक www.bstdc.bihar.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।




















