मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। उनकी पार्टी में जेडीयू में एकबार फिर से गुटबाजी खुलकर सामने नजर आने लगी है। जेडीयू एमएलसी रामेश्वर महतो ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगा दिया है। रामेश्वर महतो ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा पार्टी को कमजोर कर रहे हैं। महतो ने कहा कि कुशवाहा संकुचित विचार से काम कर रहे हैं, जिससे पार्टी को कभी भला नहीं हो सकता है। उमेश कुशवाहा सिर्फ गुटबाजी में फंसकर रह गए हैं।
उमेश कुशवाहा नेताओं को साइड लाइन कर रहे
रामेश्वर महतो ने कहा कि उमेश कुशवाहा को सिर्फ अपनी मजबूती से मतलब है। पार्टी की की मजबूती के लिए कोई कार्य नहीं कर रहे हैं। हमें अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर पार्टी की मजबूती के लिए काम करना चाहिए। उमेश कुशवाहा पार्टी के कुछ नेताओं को साइड लाइन करने में लगे हैं, ताकि उनका स्वार्थ सिद्ध हो सके। रामेश्वर महतो ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा के बाद जेडीयू में वे एकमात्र कुशवाहा एमएलसी हैं। इसके बावजूद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा नजरअंदाज किया जा रहा है। यह न तो पार्टी के हित में है और ना ही कुशवाहा समाज के हित में है। उमेश कुशवाहा पॉकिट के कुछ लोगों को छोड़कर बाकी सभी की अनदेखी करते हैं। नीतीश कुमार में विश्वास रखने वाले लोगों की संगठन में कोई जरूरत नहीं है। अपनी समस्या को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह से जल्द मुलाकात करेंगे।
स्वार्थहीन लोगों का नेटिस नहीं लेते
रामेश्वर महतो के आरोप के बाद जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी मोर्चा खोला। उमेश कुशवाहा ने रामेश्वर महतो को धूर्त बताया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्वार्थहीन और आधरहीन लोगों का नेटिस नहीं लेते। पार्टी की अपनी नीति है, एक प्रोटोकॉल है। अगर प्रदेश अध्यक्ष किसी की बात नहीं सुनता तो वह राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास जाता है। पार्टी के प्लेटफॉर्म पर बात होनी चाहिए। उमेश कुशवाहा ने कहा कि वह उपेंद्र कुशवाहा का गुण गाते हैं।




















