मुजफ्फरपुर पुलिस ने कुख्यात शार्प शूटर गोविंद शर्मा को 10 लाख की पिस्टल के साथ अरेस्ट किया है। उसके एक साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों भाड़े की गाड़ी से कहीं जा रहे थे। पुलिस संभावना जता रही है कि गोविंद किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए जा रहा था। गोविंद शर्मा पर पूर्व मेयर और जमीन कारोबारी की हत्या का आरोप है।
गोविंद शर्मा के पास से विदेशी पिस्टल के अलावा 2 मैगजीन, 9 एमएम का 74 कारतूस भी बरामद किया गया है। बरामद पिस्टल चेक रिपब्लिक नाम के कंपनी की है। इस पिस्टल को सीजेड पिस्टल बोलते हैं। इसका इस्तेमाल ब्रिटिश आर्मी करती है। भारत में यह पिस्टल बहुत कम ही लोगों के पास है। इसे रखने की अनुमति किसी भी व्यक्ति को जल्दी नहीं दी जाती है।
जानकारी के अनुसार, शूटर गोविंद का भाई विदेश में रहता है। उसी ने ये पिस्टल भेजा है। गोविंद शर्मा के साथी की पहचान शिवहर के तरियानी निवासी नीतीश के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपी गोविंद शर्मा पर पूर्व मेयर समीर कुमार और चर्चित प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष शाही और उनके तीन बॉडी गार्ड की हत्या का आरोप है। 2018 में मेयर का मर्डर हुआ था। 2023 में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या हुई थी। शहर के अलग-अलग थाने में उस पर हत्या और रंगदारी के कई मामले भी दर्ज है।
जानकारी के अनुसार शूटर गोविंद अपने पास दो पिस्टल रखता था। लेकिन, जब वह पकड़ा गया, उसके पास से एक ही मॉडर्न पिस्तौल बरामद हुआ है। गोविंद ने पुलिस की पूछताछ में कोई खास जानकारी नहीं दी है। पुलिस उसके साथ पकड़े गए नीतीश कुमार की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
ग्रामीण एसपी विद्यासागर ने बताया, ‘मुसहरी थाना की पुलिस द्वारिका नगर पावर ग्रिड के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान लग्जरी कार की जांच के दौरान कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में कर रही है।