भागलपुर पुलिस ने मंगलवार को मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। साथ ही गन फैक्ट्री को संचालित करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बंगाल STF और बिहार STF की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर ये मिनी गन फैक्ट्री चल रहा था। पूरा मामला कहलगांव अनुमंडल के अमडंडा क्षेत्र के चांदपुर इलाके का है।
मंगलवार की देर शाम SSP आनंद कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान उन्होंने बताया कि अमडंडा थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में बंगाल और बिहार STF की टीम ने संयुक्त कार्रवाई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके पर से 15 अर्ध निर्मित पिस्टल, 10 निर्मित बैरल, एक लेथ मशीन, एक ड्रिल मशीन कुल 22 उपकरणों को बरामद किया है। 5 लोगों को अरेस्ट किया है। जिसमें से 3 आरोपी मुंगेर, 1 आरोपी खगड़िया का है और 1 कहलगांव का आरोपी है। गिरफ्तार आरोपी में मुंगेर के करंजीवी यादव, राजेश मंडल और अनूप कुमार है। वहीं, खगड़िया के सोनू कुमार और कहलगांव अनुमंडल क्षेत्र के निवासी शिवनंदन मंडल शामिल है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक को खंगाला जा रहा है। एएसपी ने आगे बताया कि मिनी गन फैक्ट्री को स्थापित करने का अपराधियों की मंशा किया है? उनकी गहन जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक नक्सलियों को हथियार सप्लाई करने की बात सामने आ रही है। लेकिन, भागलपुर के SSP आनंद कुमार ने इस बात से इनकार किया है। SSP ने कहा है कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।