पूर्व सांसद व बाहुबली नेता आनंद मोहन अब वापस जेल के अंदर हो जाएंगे। पिछले दिनों उन्हें 15 दिनों की पैरोल मिली थी। पैरोल की मियाद रविवार को पूरी हो रही है। यह पैरोल उन्हें बेटी की सगाई के लिए मिली थी। आनंद मोहन के जेल से बाहर रहने के दौरान उनके घर उनके समर्थकों व मित्रों का जमावड़ा लगा रहा। हालांकि आनंद मोहन अपने पैरोल की हाइप बनाने से परहेज करते दिखे। जिससे भी मिले घर में ही मिले। किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया। इस बीच कई निजी कार्यों को उन्होंने पूरा किया है।
बेटी की सगाई के साथ बेटे की शादी तय
आनंद मोहन की बेटी की शादी पहले ही तय हो चुकी थी। पैरोल के दौरान 7 नवंबर को उसकी सगाई भी हो गई। साथ ही आनंद मोहन ने अपने विधायक बेटे चेतन आनंद की भी शादी तय कर दी है। चेतन की सगाई अप्रैल में होगी। चेतन आनंद की शादी 3 मई को उत्तराखंड में होगी। इससे पहले चेतन की सगाई 24 अप्रैल को हो जाएगी। वहीं, बेटी सुरभि आनंद की शादी 15 फरवरी को तय की गई है।
शाम 4 बजे तक करना है सरेंडर
बाहुबली आनंद मोहन को मिली 15 दिनों की पैरोल की मियाद रविवार को शाम चार बजे समाप्त हो रही है। उन्हें सहरसा जेल जाना है। इसलिए पटना से वे शनिवार देर रात ही रवाना हो गए। वैसे तो उनके बेटे चेतन का जन्मदिन 20 नवंबर को ही है। लेकिन जेल लौटने की तारीख होने के कारण एक दिन पहले ही 19 नवंबर को ही उन्होंने चेतन का जन्मदिन मनाया। आनंद मोहन गोपालगंज के तत्कालीन डीएम कृष्णया की हत्या के मामले में पिछले 15 सालों से जेल में है। हालांकि उन्होंने उम्र कैद की सजा काट ली है। लेकिन, अभी तक उन्हें अभी रिहाई नहीं मिली है।