कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश में जब भी बदलाव आता है वो बिहार में तूफान शुरू होता है। यहां से तूफान बाकि प्रदेशों में जाता है। यह बिहार देश की राजनीति का नर्व सेंटर है। आज देश में विचारधारा की लड़ाई है। एकतरफ नफरत, हिंसा, अहंकार और दूसरी ओर मोहब्बत, भाईचारा और एक दूसरे की इज्जत। जैसे मैंने यात्रा में कहा अगर आप गठबंधन को समझना चाहते हो तो एक लाइन में समझा जा सकता है कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलते हैं। हिंदुस्तान के नागरिकों के दिलों में नफरत नहीं मोहब्बत, आदर है। तो सवाल है कि नफरत क्यों फैल रही है? नफरत का सबसे बड़ा कारण अन्याय है। युवाओं के खिलाफ, किसानों के खिलाफ अन्याय हो रहा है। सामाजिक, आर्थिक अन्याय हो रहा है। पीएम दो-तीन अरबपतियों के लिए काम कर रहे हैं। उनका 16 लाख करोड़ रुपए माफ किया है। मैं पूछ रहा हूं कि भारत के कितने मजदूरों का कर्जा माफ किया। सबसे अधिक बेरोजगारी हिंदुस्तान में है। क्योंकि भाजपा ने स्मॉल मीडियम इंडस्ट्री नष्ट कर दिया है। नोटबंदी के बाद जीएसटी लागू कर सबका काम बंद कर दिया। जहां भी देखो बड़े उद्योगपतियों की मोनोपॉली बन रही है। एक ही उद्योगपति के पास पोर्ट, एयरपोर्ट सब थमा दिया।
पिछड़ी जाति की आबादी 50 प्रतिशत है। दलितों की 15 फीसदी आबादी है। आदिवासियों की 8 प्रतिशत आबादी है। इस 73 प्रतिशत में से कोई भी बड़े कंपनियों, मीडिया मालिकों, पत्रकारों, अस्पताल मालिकों, स्कूल-कॉलेज मालिकों में कोई नहीं मिलेगा। हिंदुस्तान को 90 ब्यूरोक्रेट चलाते हैं लेकिन वहां तीन दलित और 1 आदिवासी मिलेगा। पहले पब्लिक सेक्टर में गरीबों को रोजगार मिल जाता था। लेकिन मोदी सरकार ने सब खत्म कर दिया। अग्निवीर शहीद होगा, उसे कैंटीन तक नहीं मिलेगा। पेंशन भी नहीं मिलेगा। हमारे जवानों को बिना तैयारी के बॉर्डर पर लड़ने भेजना चाहते हैं।
भाजपा के लोगों को गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए। हम देश के लिए लड़ने मरने को तैयार हैं। भाजपा हटाएंगे, इंडिया की सरकार बनाएंगे।