मुंगेर, बिहार: शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुंगेर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी (DM) अवनीश कुमार ने टेटिया बंबर के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) भोगेंद्र कामती, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय श्रीमतपुर के शिक्षक अमरकांत पटेल और नीतिश कुमार नवीन को निलंबित कर दिया है। इन पर पैसे वसूलने और नियमों को तोड़ने के गंभीर आरोप लगे थे।
पटना से आई थी शिकायत, DM ने तुरंत की कार्रवाई
शिक्षा विभाग में हो रही अनियमितताओं की शिकायत पटना से मिली थी। इस पर DM अवनीश कुमार ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच करवाई। जांच में तीनों को दोषी पाया गया, जिसके बाद उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया गया। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
BEO भोगेंद्र कामती पर आरोप है कि उन्होंने बिना किसी उच्च अधिकारी की अनुमति के शिक्षक अमरकांत पटेल को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया। जांच में यह भी सामने आया कि अमरकांत पटेल, BEO के कहने पर कई स्कूलों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों से पैसे वसूल रहे थे। इन गतिविधियों में शिक्षक नीतिश कुमार नवीन की भी संलिप्तता पाई गई।
मुंगेर प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने संकेत दिया है कि मामले की आगे भी जांच होगी और अगर अन्य लोग भी इसमें शामिल पाए गए, तो उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।