आर्य समाज, दानापुर के 140वें वार्षिकोत्सव पर शनिवार को पूर्व राज्यपाल व बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के संरक्षक गंगा प्रसाद की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा डीएवी इंटर स्कूल से शुरू हुई जो बस पड़ाव, इमली तल, गाभ तल, तकिया पर होते हुए वापस विद्यालय परिसर में समाप्त हुई। इसमें एनसीसी, स्काउट, आर्य वीर दल के कैडेट्स के अलावा बड़ी संख्या में डीएवी स्कूल के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उनके हाथों में तिरंगा और आर्य समाज का ध्वज था।
मौके पर बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान व विधायक डॉ. संजीव चौरसिया, मंत्री रमेंद्र कुमार गुप्ता, सह मंत्री मनोज कुमार आर्य, कोषाध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद गुप्ता, दानापुर आर्य समाज के प्रधान संजय कुमार सिंह, मंत्री पारसनाथ मेहता, स्कूल के प्राचार्य अनिल कुमार के अलावा सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। सुबह वेद शतकम महायज्ञ से वार्षिकोत्सव की शुरुआत हुई। शाम में वेद सम्मेलन का आयोजन किया गया। अध्यक्षता बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के उप प्रधान व्यासनंदन शास्त्री ने की।