राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) ने उत्तर प्रदेश और बिहार में हो रही रेप की घटनाओं पर बीजेपी और नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा दुष्कर्म की घटनाएं इन्हीं दो राज्यों में होती है, लेकिन सब चुप रहते हैं और अन्य गैर बीजेपी शासित राज्यों में जहां इक्का-दुक्का घटनाएं हो रही वहां ये लोग कोहराम मचाते हैं, छाती पीटते हैं। रोहिणी आचार्य ने बिहार के सहरसा और उत्तर प्रदेश की घटना का जिक्र किया है।
उन्होंने एक्स पर लिखा है- बलात्कार के ये दो ताजा मामले दो ऐसे राज्यों से हैं, जहाँ लगभग रोज एक नहीं बल्कि कई-कई बलात्कार-दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। इन दोनों राज्यों में कानून-पुलिस-प्रशासन का डर ख़त्म हो चुका है दुष्कर्मियों व् अपराधियों के बीच से। इन दोनों राज्यों में सरकार उन्हीं लोगों की है, जो अपने विरोधी पक्ष के द्वारा शासित राज्यों की इक्का-दुक्का घटनाओं पर सबसे ज्यादा छाती पीटते और कोहराम मचाते हैं। मगर अपने शासन में हो रही घटनाओं पर चुप्पी साध अपनी आँखों पर पट्टी बांध लेते हैं।
रोहिणी आचार्य ने आगे कहा कि एक राज्य में तो कानून के राज का ऐसा आलम है कि बलात्कार के दोषी की सजा माफ़ करने की अनुशंसा सरकार की तरफ से ही होती है और बलात्कारियों के जेल से बाहर आने पर उनका अभिनन्दन-स्वागत सत्ता पक्ष के द्वारा ही किया जाता है। वहीं दूसरे राज्य में क्राइम से जीरो कॉम्प्रोमाईज का ढोल तो जम कर पीटा जाता है, मगर बेहिसाब हो रहे अपराध पर लगाम लगाने की कवायद समीक्षा-बैठक के कोरम के साथ ही ख़त्म हो जाती है और सूबे का मुखिया ही माफियागिरी के पर्याय के दरवाजे मत्था टेकने पहुँच जाता है।
दिल्ली की नई सीएम आतिशी मार्लेना का अफज़ल गुरु कनेक्शन ! स्वाति मालीवाल और बीजेपी ने क्या कहा
बिहार के सहरसा में चलती कार में एक नाबालिग लड़की से गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना बीते 14 सितंबर की है। इस मामले में बीते सोमवार (16 सितंबर) को सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है जिसके बाद मामला सामने आया है। पीड़िता की उम्र 14 साल के आसपास है। शिकायत दर्ज कराते हुए दो लड़कों पर उसने रेप का आरोप लगाया है।इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उधर उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राममंदिर में काम करने वाली एक महिला से भी गैंग रेप का मामला सामने आया है।