प्रशांत किशोर ने बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला बोला है। प्रशांत ने सम्राट को घेरते हुए कहा कि बिहार में उप-मुख्यमंत्री बने रहने के लिए सम्राट चौधरी ने अपनी गर्दन कटवा दी। अररिया पहुंचे प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि सम्राट चौधरी ने एक मुरेठा बांधा था। आज से कुछ महीने पहले उन्होंने कहा था कि मैं जब नीतीश कुमार को पद से हटा दूंगा तब जाकर मैं मुरेठा खोलूंगा। बीते दिन जाकर उप-मुख्यमंत्री बनने की लालच में अपना सर और मुरेठा दोनों को कुर्बान कर दिया। सम्राट चौधरी का तो एक ही लक्ष्य था नीतीश कुमार को हराना, मगर देखिए अब उनका लक्ष्य सिर्फ उप-मुख्यमंत्री बने रहना है।
प्रशांत ने आगे कहा कि बिहार में सम्राट चौधरी कोई नए नेता नहीं हैं। पिछले मंत्रिमंडल में भी मंत्री थे कौन सा इन्होंने तोप मार लिया था? भाजपा वाले बड़ी बात करते हैं परिवारवाद की, आप हमें बताएं कौन हैं सम्राट चौधरी शकुनी चौधरी के लड़के हैं। लालू जी के सरकार में मंत्री थे तो नीतीश कुमार के भी सरकार में मंत्री थे। मांझी जी जब मुख्यमंत्री बने तब भी वो मंत्री बन गए। सम्राट चौधरी आसमान से अवतरित नहीं हुए हैं।
आने वाले विधानसभा चुनाव के बारे में प्रशांत किशोर ने दावा करते हुए कहा कि सबसे बड़ा खामियाजा नीतीश कुमार को होगा। राजनीतिक तौर पर नीतीश कुमार पहले से ही मरे हुए सांप हैं उनको जो भी अपने गले में डालेगा वो बैठ जाएगा। नीतीश कुमार तो खुद डूबे हुए हैं जो उनके साथ जाएगा वो भी डूब जाएगा।