गौनाहा. भितिहरवा आश्रम जीवन कौशल ट्रस्ट के प्रांगण में गुरुवार को पटना हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति राजीव रॉय, वरीय अधिवक्ता विंध्याचल सिंह ने गांधीजी और कस्तूरबा जी के मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। मौके पर उपस्थित नरकटियागंज अनुमंडल पदाधिकारी सूर्य प्रकाश गुप्ता, एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह, अंचलाधिकारी विवेक सिंह, बीडीओ शिवजन्म राम, थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने भी पुष्प अर्पित किया। परिसर में दीपेंद्र बाजपेयी ने आम्र पल्लव के मुकुट व अंगवस्त्र से आगत अतिथियों का स्वागत किया और भितिहरवा आश्रम जीवन कौशल ट्रस्ट द्वारा वृद्धाश्रम शुरू करने की योजना के बारे में बताया। साथ ही गम्हरिया में जनजाति बच्चों के लिए संचालित होने वाले प्रकृतिशाला सहित कई भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान न्यायमूर्ति ने आश्रम में सीखने वाली स्थानीय बालिकाओं से सूत कताई का गुर भी जाना।
न्यायमूर्ति राजीव रॉय ने कहा कि चरखा सिर्फ आर्थिक स्वावलंबन का मार्ग नहीं दिखाता बल्कि एकाग्रचित्त मनुष्य का निर्माण करने में भी सहायक है। ट्रस्ट के अध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश राव की अंतिम जन के लिए दूरगामी सोच का परिणाम है कि इतने सुदूर क्षेत्र में इस तरह की योजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारी चल रही है। ट्रस्ट परिसर में न्यायमूर्ति ने रुद्राक्ष व चंपा पौधा का रोपण किया। उन्होंने गाँधी आश्रम संग्रहालय का भी भ्रमण किया और आश्रम की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने लाइट एंड साउंड के माध्यम से गाँधी के भितिहरवा से पर्यटकों को इतिहास की सटीक जानकारी देने की व्यवस्था करने का सुझाव दिया। न्यायमूर्ति राजीव रॉय ने अशोक स्तम्भ रमपुरवा का भी दौरा किया। जहाँ उन्होंने एसडीएम से अशोक स्तम्भ के विकास और जनहित की सुविधाओं के विकास की आवश्यकता का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि मनरेगा से अशोक स्तम्भ परिसर जाने वाली सड़क के दोनों किनारे अशोक का वृक्षारोपण करने का सुझाव दिया ताकि आने वाले पर्यटकों को और खूबसूरती का दीदार हो सकें। उन्होंने अशोक स्तम्भ के केयर टेकर योगेंद्र मांझी से ऐतिहासिक स्थल के बारे में सुना और कहा कि स्थानीय प्रशासन को तथ्यवाली सूचना पट्ट लगाने की आवश्यकता है। मौके पर राजा श्रॉफ, इंद्रजीत शर्मा, प्राचार्य सुदिष्ट कुमार, गोलू कुमार, रवि श्रीवास्तव, अनिल शर्मा, मनीष शर्मा, वर्षा, मेघा आदि उपस्थित रहे।