बिहार की राजधानी पटना में 3 दिनों के लिए बोवार्ड कार रैली का आयोजन होने वाला है। 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक ये रैली पटना में चलेगी। इस रैली का पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा, मंत्री दिलीप जायसवाल और भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अमृता भूषण फ्लैग ऑफ करेंगे। इसमें 30 प्रतिभागी और 20 मार्शल्स हिस्सा लेंगे। बता दें कि इस रैली का आयोजन बिहार की छवि को सुधारने और नारी सशक्तिकरण का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
इस बार रैली 1200 किमी की दूरी तय करते हुए नेपाल तक जाएगी, जहां नेपाल में एक अवार्ड फंक्शन भी आयोजित किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय रैली को भारतीय ऑयल, BPCL, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और बिहार टूरिज्म जैसे संस्थानों का सहयोग मिला है। यह रैली TSD (Time, Speed, Distance) फॉर्मेट पर आधारित है, जिससे गाड़ियों की स्पीड नियंत्रित रहे और हर चेकप्वाइंट पर उनकी गति की जांच की जाएगी।
रैली की आयोजक और भाजपा नेत्री डॉ. अमृता भूषण ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि इस रैली का उद्देश्य बिहार की छवि को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुधारना है। उन्होंने कहा कि बिहार अब पहले जैसा नहीं रहा, यहां अपराध दर लगभग शून्य है और महिलाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं।
बोवार्ड कार रैली पिछले 14 वर्षों से आयोजित की जा रही है। इसे अब एक वार्षिक परंपरा का रूप मिल गया है। यह रैली न केवल बिहार, बल्कि भूटान, नेपाल, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के बुद्धा सर्किट को भी कवर कर चुकी है। रैली का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त करना है और इसे विशेष रूप से एसिड अटैक, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और बलात्कार जैसे मुद्दों पर काम करने वाली संस्था के रूप में देखा जाता है।