मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना जिला के दनियावां में NH-30A (फतुहां-हरनौत बाढ़) पथ परियोजना अंतर्गत दनियावां बाइपास ROB के शिलापट्ट का अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात मुख्यमंत्री ने दनियावां आर०ओ०बी० का निरीक्षण किया और कहा कि इस ROB के बन जाने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। रेलवे गुमटी के कारण पहले यहां अक्सर जाम की समस्या हुआ करती थी। अब इसके शुरू हो जाने से वाहनों का परिचालन सुचारू रुप से होगा।
ज्ञातव्य है कि राष्ट्रीय उच्च पथ-30 ए (फतुहा हरनौत बाढ़ पथ) फतुहा से प्रारंभ होकर दनियावां, जैतीपुर मोड़, हरनौत, सकसोहरा होते हुए बाढ़ तक जाती है। इसकी कुल लम्बाई 71.77 कि०मी० है। वर्तमान में 1.17 KM दनियावां बाइपास का निर्माण रेलवे द्वारा प्रस्तावित रेलवे लाइन के लिए नए ROB को समाहित करते हुए पूर्ण कर लिया गया है।
दनियावां बाइपास के निर्माण का मुख्य उद्देश्य दनियावां बाजार में स्थित रेलवे फाटक के कारण लगने वाले ट्रैफिक जाम से निराकरण एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना है। इस पथ पर आवागमन प्रारंभ होने से पटना जिला तथा नालंदा जिला के बीच बेहतर संपर्कता हो जाएगी। यह पथ 36.474 KM पटना जिला तथा 35.30 KM नालंदा जिला में स्थित है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ.एस.सिद्धार्थ, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, पथ निर्माण विभाग के सचिव बी.कार्तिकेय धनजी, आयुक्त पटना प्रमंडल मयंक बरवड़े, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष शीर्षत कपिल अशोक, जिलाधिकारी डॉ.चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और वरीय अधिकारी उपस्थित थे।