JAMSHEDPUR : मंगलवार की सुबह काम पर निकले दिहाड़ी मजदूर संजय सिंह नामक व्यक्ति को आजाद नगर थाना अंतर्गत बावनगोड़ा चौक के समीप युवक द्वारा चाकू मारकर घायल कर दिया गया। घायल मजदूर को एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी देते हुए मजदूर संजय सिंह ने पुलिस को बताया कि वह तमोलिया का रहने वाला है और हर दिन मजदूरी की तलाश में बावनगोड़ा आता है। आज सुबह भी वह काम की तलाश में बावनगोड़ा चौक पहुंचा था। जहां एक युवक ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। उसने बताया कि चाकू से तीन वार किया गया है। चाकू लगने के बाद वह पैदल आजाद नगर थाना पहुंचा। जहां से पुलिस उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
15 जुलाई को युवक पर हमला
बेलगाम अपराधियों का तांडव जमशेदपुर में जारी है। हर दिन शहर में अपराधी किसी न किसी घटना को अंजाम दे रहे है। ताजा मामला सोनारी थाना क्षेत्र का है। जहां शनिवार खूंटाडीह में एक युवक पर कुछ युवकों ने पहले फरसा से हमला कर दिया था। जब युवक भागने लगा तब उसके ऊपर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि करीब तीन राउंड गोलियां चली थी। वैसे युवक सन्नी यादव इस हमले में बाल-बाल बच गया। घटना के संबंध में सन्नी यादव ने बताया कि करण गोराई और सुमित गोराई के साथ उसका पुराना विवाद चल रहा है। शनिवार को ख़ूटाडीह हड़िया भट्टी एरिया में सन्नी अपने दुकान पर खड़ा था। इसी बीच दोनों आए और उस पर हमला कर दिया और जब वह भागने लगा तो हवाई फायरिंग की। जानकारी मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।