DHANBAD : कलवार वैश्य जागृति मंच के द्वारा धनबाद न्यू टाउन हॉल में भगवान बलभद्र और भगवान सहस्त्रार्जुन पूजन महोत्सव का आयोजन किया गया. इस अवसर पर एक भव्य शोभा यात्रा भी निकाली गई। मौके पर समाज के उद्योगपति कृष्ण मुरारी चौधरी ने कलवार समाज हेतु धर्मशाला निर्माण के लिए 50 डिसमिल जमीन दान देने की घोषणा की।
जीत NDA की होगी : मनीष जायसवाल
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि समाज का विकास तभी संभव है जब शिक्षा के क्षेत्र में हर परिवार जागरूक हो। हमारे बच्चे व्यवसाय के साथ शिक्षा के बल पर सरकारी पदों को हासिल करे। वहीं डुमरी उप चुनाव के सम्बंध में उन्होंने सीएम हेमंत पर कटाक्ष किया और कहा कि अगर चार साल में काम हुआ होता तो आज सीएम को पसीना नही बहाना पड़ता, जीत NDA की होगी।
कलवार समाज राजनैतिक रूप से आज भी पिछड़ा हुआ है : नवीन जायसवाल
पूजन महोत्सव में हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि समाज आर्थिक क्षेत्र में सबल है पर उन्हें राजनीतिक चेतना विकसित कर अपना अधिकार प्राप्त करे। 15 करोड़ की आबादी वाला कलवार समाज राजनैतिक रूप से आज भी पिछड़ा हुआ है। उन्होंने समाज को हमेशा मदद का आश्वासन दिया। केंद्र सरकार की वन नेशन वन इलेक्शन अभियान का समर्थन किया।
लोकतंत्र में संगठन की बड़ी अहमियत है : अमित मंडल
गोड्डा विधायक अमित मंडल ने कहा कि लोकतंत्र में संगठन की बड़ी अहमियत है जब आप संगठित होंगे लोग आपका आदर करेंगे आपका महत्व समझेंगे न्यायपालिका, विधायिका, कार्यपालिका में आपकी भागीदारी सुनिश्चित होगी।