भाजपा सांसद आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर केंद्र की योजनाओं को लटकाने, भटकाने और अटकाने में शामिल होने का लगाया आरोप
RANCHI : भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा मोदी सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं से जन-जन को जोड़ने की यात्रा है। आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को लटकाने भटकाने और अटकाने में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास,नल जल योजना, अनाज वितरण योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना जैसी योजनाएं लूट, भ्रष्टाचार और लेट लतीफी का शिकार हो रही। उन्होंने यात्रा के संबंध में बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत सरकार अंत्योदय एवं सबका साथ, सबका विकास के लक्ष्य को साकार करने के लिए विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के प्रति जागरूकता एवं जन भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से भारत सरकार देशव्यापी विकसित भारत संकल्प यात्रा चला रही है।
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड का सौभाग्य है कि कई लोक कल्याणकारी योजनाओं की तरह इस महत्वपूर्ण यात्रा की शुरुआत यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की धरती खूंटी से किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा दो चरणों में संपन्न होगी।यात्रा का पहला चरण 15 से 22 नवंबर तक 21 राज्यों के 68 जनजातीय बाहुल्य जिलों में चलेगी। जिसमें झारखंड के 9 जिले खूंटी, गुमला, सिमडेगा, दुमका, पश्चिम सिंहभूम, साहेबगंज, पाकुड़, पलामू शामिल हैं।
यात्रा का दूसरा चरण 3दिसंबर से शुरू होकर 26 जनवरी 2024 तक चलेगी। इस प्रकार यह यात्रा देश के 2,51000 पंचायतों से गुजरेगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में सभी केंद्रीय मंत्री, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी सहित सांसद, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी सहित वरिष्ठ नेतागण यात्रा के साथ 3 दिन रहेंगे। इस यात्रा में पार्टी के सभी सांसद अपने अपने क्षेत्र में यात्रा में शामिल होंगे। जहां भाजपा के सांसद नही हैं, वहां राज्यसभा सांसद आवंटित लोकसभा क्षेत्र ने तीन दिन तक यात्रा के साथ रहेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से यात्रा के समन्वय के लिए प्रदेश और जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। साथ ही पार्टी की ओर से भी यात्रा कार्य को देखने के लिए प्रदेश स्तर पर जमशेदपुर पूर्व जिला अध्यक्ष नंद जी प्रसाद एवं जिला स्तर पर एक प्रमुख कार्यकर्ता नियुक्त किया गया है। प्रसाद ने यात्रा में करणीय कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि इसमें स्थल पर सरकारी योजनाओं का पंजीकरण कराते हुए योजनाओं से वंचित लोगों के फॉर्म भरवाये जायेंगे। साथ ही स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों की स्वास्थ्य जांच भी किया जाएगा। यात्रा में My Bharat पोर्टल पर युवाओं का पंजीकरण करवाये जायेंगे। विकसित भारत का संकल्प दिलाया जायेगा। प्रेसवार्ता में प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश प्रवक्ता अमित सिंह भी उपस्थित थे।