देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को देवघर के मधुपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस से लेकर तमाम विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज मुल्क की सरहद महफूज है तो यह भाजपा की और मोदी सरकार की देन है। साथ ही कहा कि इंडी गठबंधन सिर्फ अपने कुनबे की फिक्र करती है। बस अपने लोगों को सीएम और पीएम बनाने में लगी रहती है।
दरअसल, झारखंड में आखिरी चरण में संथाल की तीन सीट गोड्डा, दुमका और राजमहल में चुनाव होने हैं। ऐसे में BJP ने यहां चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड में 3 जगह अपनी चुनावी रैली की। इस दौरान उन्होंने POK के मुद्दे से लेकर कांग्रेस तक पर निशान साधा।
वहीं भाजपा की महाविजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि देश में गांधी परिवार और मनमोहन सिंह की सरकार भी रही है, लेकिन सब जानते हैं कि कांग्रेस सरकार में क्या होता था। अमित शाह ने कहा कि तीसरी बार नरेंद्र मोदी सरकार बनी तो बचे हुए काम भी पूरे किए जाएंगे। बता दें कि इस दौरान उन्होंने देवघर में गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे के पक्ष में वोट करने की अपील भी की।