रांची: प्रदेश की जनता को भारतीय जनता पार्टी ने आज पांच बड़े वचन दिए हैं जिसे पंच प्रण नाम दिया गया है। रांची में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रतिपक्ष के नेता अमर कुमार बावरी, पार्टी के विधानसभा चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा चुनाव सह प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और लक्ष्मीकांत वाजपेई मौजूद थे। संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने पंच प्रण के तहत जिस पहली योजना का जिक्र किया वह है गोगो दीदी योजना।
इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 11 तारीख तक इक्कीस सौ रुपए दिए जाएंगे। दूसरी योजना का जिक्र करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य के सभी परिवारों को 500 रुपए में एलपीजी गैस सिलेंडर और पर्व त्योहार में दो सिलेंडर मुफ्त मिलेगा। उन्होंने बताया कि 5 वर्षों के अंदर युवाओं को 5 लाख रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा 2 लाख 87000 रिक्त पड़े सरकारी पदों को भी भरा जाएगा। भरती की प्रक्रिया को पहले कैबिनेट में ही शुरू की जाएगी। वर्ष 2025 के नवंबर महीने तक डेढ़ लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बीए और एमए की पढ़ाई करने के बाद प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चों को 2 वर्ष के लिए दो हजार रूपए का भत्ता दिया जाएगा। इसे युवा साथी भत्ता का नाम दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पंच प्रण के तहत राज्य के सभी को लोगो को पक्का आवास मिले यह सुनिश्चित किया गया है।