रांची: झारखंड चुनाव का समय जैसे जैसे नजदीक आ रहा नेताओं की सरगर्मी भी प्रदेश में बढ़ रही है। इसी कड़ी में देश के युवा नेता, लोकजनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान रांची पधार रहें है। बताया जा रहा कि सोमवार को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का झारखण्ड आगमन हो रहा है। चिराग
लातेहार में जनहुंकार रैली के संबोधन के साथ ही झारखंड चुनावी संग्राम का बिगुल फूकेंगे। इस शंखनाद के बाद चिराग पलामू में स्व रामविलास पासवान के मूर्ति का अनावरण करेंगे एवं आमसभा को संबोधित करेंगे।
पार्टी ने अपने अध्यक्ष के कार्यक्रम को लेकर विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सोमवार को सुबह 9:00 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची पर चिराग का पदार्पण होगा। पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा उनके भव्य स्वागत किए जाने के पश्चात चिराग पासवान एयरपोर्ट से सीधे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान के निजी कार्यालय कृष्णा एन्क्लेव नार्थ ऑफिस पाड़ा में पार्टी के पदाधिकारियों संग चुनावी मंत्रणा करेंगे। तत्पश्चात जमुई सांसद सह प्रदेश प्रभारी अरुण भारती सह प्रभारी राजेश वर्मा प्रदेश अध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ सड़क मार्ग से लातेहार रवाना होंगे।
बता दें केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान लातेहार के जिला खेल स्टेडियम में पार्टी के जनहुँकार रैली को संबोधित करते हुए चुनावी बिगुल फूंकेंगे। लातेहार के रैली को संबोधित करने के बाद चिराग लोजपा-भाजपा द्वारा पलामू के लेस्लीगंज स्थित नीलाम्बर-पितांबरपुर में बाबा चौहरमल एवं पार्टी के संस्थापक स्व रामविलास पासवान के मूर्ति का अनावरण करेंगे एवं आमसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश प्रभारी अरुण भारती एवं प्रदेश अध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश में विधानसभा का चुनाव होना है, ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का झारखण्ड में कार्यक्रम होने से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ जाता है। जिससे पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष झारखण्ड विधानसभा चुनाव को लेकर काफी गंभीर हैं इसी को लेकर पार्टी प्रदेश प्रभारी एवं सह प्रभारी लगातार झारखण्ड के दौरे पर हैं। अभी कुछ दिन पहले पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की भी बैठक एवं प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं का भी महाजूटान राजधानी रांची में हुआ था जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया था।