रांची: हेमंत सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए भाजपा के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि हताश निराश मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राजनीतिक हार स्वीकार कर चुके हैं। भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान एवं सह प्रभारी असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शरमा के झारखंड दौरे से उनकी बौखलाहट बढ़ गई है। वाजपेई ने कहा कि हेमंत सोरेन ने अपनी हार देखते हुए झारखंड के पदाधिकारियों को आगे कर दिया।
वंदना डाडेल द्वारा चुनाव आयोग को लिखे गए पत्र को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पदाधिकारी सर्विस रूल का खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। आखिर पदाधिकारियों को पॉलिटिकल मामले में चुनाव आयोग को पत्र लिखने की अनुमति किसने दी। राज्य सरकार के महाधिवक्ता खुद विधि विरुद्ध आचरण कर रहे। वे अब झामुमो के प्रवक्ता बन गए हैं। आगे उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार अब बोरिया बिस्तर समेट रही है। लोकसभा चुनाव के परिणाम इंडी ठगबंधन को डराने लगा है। बिदाई की बेला में भी हेमंत सोरेन गलत वादे कर रहे। लेकिन जनता उनकी सच्चाई से पूरी तरह अवगत है। जनता का भरोसा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उठ चुका है। भाजपा राजनीतिक, राज्य के अस्मिता और सम्मान की लड़ाई चुनाव के मैदान में लड़ेगी और भ्रष्ट निकम्मी सरकार को जनता के सहयोग से पराजित करेगी।