झारखंड में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी हुई है। हेमंत सोरेन का इस्तीफा हो चुका है। नए मुख्यमंत्री के रूप में चंपई सोरेन शपथ ले चुके हैं। लेकिन सरकार को समर्थन कर रहे विधायकों को हैदराबाद में रखा गया है। दूसरी ओर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी न्याय यात्रा के दौरान झारखंड पहुंचे हुए हैं। उनकी मौजूदगी से कांग्रेस के नेताओं में उत्साह है। इसी उत्साह में जयराम रमेश ने घोषणा की है कि कांग्रेस में उनके पार्टी की अपनी सरकार होगी।
बोकारो में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि “2024 में लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया एलायंस की स्थापना की गई है। इसमें भी 27 पार्टियां हैं।” इसके बाद जयराम रमेश ने झारखंड में कांग्रेस की स्थिति पर कहा कि “झारखंड विधानसभा में हम गठबंधन सरकार में हैं। लेकिन एक दिन कांग्रेस अपनी ताकत से झारखंड में स्वतंत्र सरकार बनायेगी।”
आपको बता दें कि कांग्रेस के झारखंड में अभी 17 विधायक हैं और उसी के सहयोग से जेएमएम की सरकार चल रही है।