रांची: मंगलवार को भारत निर्वाचन आयोग ने झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है।इस घोषणा के बाद 15 अक्टूबर 2024 की शाम साढ़े तीन बजे से झारखंड में आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है। इस घोषणा के अनुसार राज्य में 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान होंगे। वहीं इस चुनाव की मतगणना 23 नवंबर को होगी। झारखंड के सीईओ (मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी) के रवि कुमार ने धुर्वा के निर्वाचन सदन में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव प्रचार में उम्मीदवार अधिकतम 40 लाख रुपए तक खर्च कर सकते हैं।
पत्रकार वार्ता में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के साथ अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ नेहा अरोड़ा और संदीप सिंह भी मौजूद थे। दस दौरान झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि पहले चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना 18 और दूसरे चरण की 22 अक्टूबर को जारी होगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करेगा। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव ही उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही शहरी क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत बढ़ाना भी उनकी प्राथमिकता सूची में है।
आगे झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि पहले चरण में 43 विधानसभा क्षेत्रों में और दूसरे चरण में 38 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होंगे। पहले चरण के लिए नामांकन 25 अक्टूबर तक और दूसरे चरण के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर होगी। वहीं पहले चरण के नामांकनों की स्क्रूटनी 28 अक्टूबर और दूसरे चरण की स्क्रूटनी 30 अक्टूबर को होगी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के चुनाव को लेकर नाम वापसी की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर और दूसरे चरण के लिए नाम वापसी की अंतिम तिथि 01 नवंबर है। पूरी चुनावी प्रक्रिया 25 नवंबर को समाप्त हो जाएगी।