रांची: मईंया सम्मान योजना की सफलता को लेकर झारखंड की हेमंत सरकार ने आभार यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। इस यात्रा का आयोजन महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुधार विभाग की मंत्री बेबी देवी के नेतृत्व में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल होंगे। बताया जा रहा कि इस यात्रा का उद्देश्य योजना के प्रति महिलाओं से मिल रहे समर्थन के लिए आभार व्यक्त करना है।
हालांकि आने वाले चुनाव को देखते हुए भी यह यात्रा अहम है। बता दें आभार यात्रा पूरी तरह से महिलाओं पर केंद्रित होगी, जिसमें झारखंड में इंडिया अलायंस की सभी महिला नेत्रियां शामिल होंगी। इसके साथ ही हर दिन लगभग दो जिलों में ये यात्रा आयोजित होगी। यह यात्रा जिले-जिले में घूमकर निकाली जाएगी। बताते चलें कि सरकारी आंकड़ों में अब तक मईंया सम्मान योजना में 50 लाख महिलाओं को लाभ मिल चुका है। वहीं बीते दिनों इस योजना में फर्जी तरीके से पुरूषों के भी लाभ लेने की बात सामने आई थी। बहरहाल, अब हेमंत सोरेन अपनी राजनीतिक पारी में आधी आबादी को साधने की कवायद में इस योजना को लेकर आभार यात्रा का आयोजन कर रहे है।