रांची: गुरुवार शाम अचानक पश्चिम बंगाल सरकार ने झारखंड से सटे डिब्रूगढ़ चेकपोस्ट को सील कर दिया है। झारखंड से बंगाल जानेवाले ट्रक और बड़ी गाड़ियों की पश्चिम बंगाल में एंट्री पर रोक लगा दी गई है। इस प्रकार अचानक लगे नो एंट्री से एनएच-19 पर बराकर पुल से मैथन तक लंबी गाड़ियों की कतार लग गई है। इस दौरान छोटी गाड़ियों को इस रोक से छूट दी गई है। बताया जा रहा कि सीएम ममता बनर्जी ने मेदिनीपुर के पांसकुड़ा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद केंद्र सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया।
इस दौरान सीएम ने कहा कि बाढ़ का पानी बंगाल का नहीं, बल्कि झारखंड का है और इसे दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) द्वारा छोड़ा गया है। ममता बनर्जी ने कहा, मुझे समझ नहीं आ रहा है कि केंद्र इस मुद्दे को डीवीसी के सामने क्यों नहीं उठा रहा। उन्होंने बाढ़ के कारणों को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए झारखंड बॉर्डर को तीन दिन बंद रखने का ऐलान किया था और डीवीसी के पानी छोड़ने के तरीके पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। बता दें पश्चिम बंगाल के अधिकारियों की इस कार्रवाई से झारखंड के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है और वरीय अधिकारियों को इस स्थिति की जानकारी दी गई है। बंगाल के अधिकारियों से भी संपर्क किया जा रहा है, लेकिन देर रात तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। बता दें सीएम बाढ़ के कारणों को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए झारखंड बॉर्डर को तीन दिन बंद रखने का ऐलान किया था और डीवीसी के पानी छोड़ने के तरीके पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी।