झारखंड में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि राज्य के कई हिस्सों में 7 अप्रैल से बारिश शुरू हो सकती है। कोल्हान क्षेत्र में 11 अप्रैल तक बारिश की संभावना है। राजधानी रांची में 7 और 8 अप्रैल को कई स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
वहीं, 8 और 9 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी भागों (कोल्हान) में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। तेज हवा का झोंका, गर्जन और वज्रपात हो सकता है। 11 अप्रैल तक दक्षिणी झारखंड में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। शेष स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा।
अधिक तापमान में गिरावट की संभावना
झारखंड में कई जिलों का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक हो गया है। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान शुक्रवार को 41 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आगे भी रांची का अधिकतम तापमान इसी के आसपास रहेगा। बादल और बारिश के बाद इसमें कुछ गिरावट भी हो सकता है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे तेज हवा और बारिश के दौरान सावधानी बरतें। घर से बाहर निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखें। वहीं, किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही अपनी फसलों की कटाई करें।