राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू यादव इन दिनों ‘टेम्पल रन’ में जुटे हुए हैं। मंदिर-मंदिर लालू यादव जा रहे हैं। पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मन्नतें मांग रहे हैं। बड़ी बात ये है कि बताया जा रहा है कि उनकी मन्नतें पूरी भी हो रही हैं। बीते तीन हफ्तों में लालू यादव बिहार से लेकर महाराष्ट्र तक के मंदिरों का दौरा कर चुके हैं। अब झारखंड में भी इसी लिए लालू यादव की एंट्री हुई है। वैसे यह बात अलग है कि लालू यादव पिछले दिनों सावन में मटन पार्टी के कारण विवादों में रहे। जबकि उनकी पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह टीका लगाने वालों पर देश को गुलाम करवाने का आरोप लगाकर विवादों में रहे।
देवघर की यात्रा पर लालू
लालू यादव अब देवघर जा रहे हैं और वहां भोलेनाथ के दर्शन करेंगे। इससे पहले लालू यादव अपनी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजप्रताप यादव के साथ थावे के दुर्गा मंदिर में गए। इसके बाद बेटे तेजस्वी यादव के साथ मुंबई के सिद्धि विनायक मंदिर में आशीर्वाद लिया। वहां से लौटे तो सोनपुर के हरिहरनाथ मंदिर में भगवान शिव की अराधना की। अब वे देवघर की यात्रा पर जा रहे हैं।
लालू यादव की मंदिर परिक्रमा का शेड्यूल
- 21 अगस्त 2023 : सालों बाद लालू यादव बिहार के गोपालगंज जिले में अपने गांव फुलवरिया के लिए पटना से निकले तो वहां थावे मां दुर्गा के दर्शन से नहीं चूके। थावे माता के दर्शन के दौरान लालू यादव के साथ उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजप्रताप यादव भी मौजूद रहे। लालू यादव अपने इस दौरे में पूरी तरह फिट दिख रहे थे। कभी राजद के रथ पर तो कभी गाड़ी से लालू यादव ने लगभग 150 किलोमीटर का सफर पूरा किया तो कई जगहों पर उनका स्वागत हुआ।


- 31 अगस्त 2023 : विपक्षी दलों की बैठक के लिए लालू यादव मुंबई में तेजस्वी यादव और मीसा भारती के साथ गए थे। एक दिन पहले ही पहुंचे लालू परिवार ने समय का पूरा सदुपयोग किया और वहां सिद्धि विनायक मंदिर पहुंचे। वहां भी उन्होंने भगवान के दर्शन किए और उसके बाद पूरे जोश के साथ I.N.D.I.A. की मीटिंग में शामिल हुए।

- 04 सितंबर 2023 : मुंबई से लालू यादव पटना लौटे तो उसी बीच राहुल गांधी ने अगस्त फर्स्ट वीक में दिल्ली के मीसा आवास पर हुई मटन पार्टी का वीडियो जारी कर दिया। राहुल गांधी का मकसद लालू यादव और उनके मटन की तारीफ करना था। लेकिन राजनीति और धर्म के भंवर में सावन में मटन पार्टी करने का आरोप लालू यादव और राहुल गांधी में लग गया। लेकिन भादो मास की पहली सोमवारी पर लालू यादव और राबड़ी देवी सोनपुर के हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे। वहां पूजा अर्चना की।

- 11 सितंबर 2023 : थावे दुर्गा मंदिर, सिद्धि विनायक मंदिर और हरिहर नाथ मंदिर के बाद लालू यादव अब झारखंड की यात्रा पर जा रहे हैं। वहां वे देवघर में भगवान शंकर के दर्शन और अभिषेक करेंगे। वैसे तो लालू यादव देवघर के लिए 10 सितंबर, रविवार को ही रवाना हो जाएंगे। लेकिन भोलेनाथ के दर्शन के लिए लालू यादव ने सोमवारी का चयन किया है। 11 सितंबर को वे भगवान भोलेनाथ के दर्शन करेंगे।