बिहार में अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार आरोपियों द्वारा बड़ी घटना को अंजाम दिया जा रहा है। गोलीबारी, लूट, हत्या, छिनतई बिहार में धीरे-धीरे आम बात होते जा रही है। वहीं, पटना के दानापुर में शुक्रवार देर रात बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने 3 गोली मारी है, जिससे मौके पर ही युवक की मौत हो गई। 6 लाख रुपए के लेनदेन में वारदात को अंजाम दिया गया है। पूछताछ के लिए पुलिस ने 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
मृतक की पहचान विक्रम थाना क्षेत्र निवासी कमल किशार उर्फ कारू सिंह का बेटा करण कुमार(24) के तौर पर हुई है। करण गोला रोड में मोबाइल का दुकान चलाता था। दुकान बंद करने के बाद अपने स्टाफ को छोड़ने के लिए सगुना मोड़ जा रहा था। इस बीच अपराधियों ने गोली मार दी। गोली लगते ही करण बाइक सहित जमीन पर गिर पड़े। स्टाफ आदित्य ने परिजनों और डायल-112 को घटना की सूचना थी। जानकारी मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पिता कमल किशोर उर्फ कारू सिंह ने दानापुर थाने में लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने बताया है कि 6 लाख रुपए के विवाद में बेटे की हत्या की गई है। रूपेश कुमार और परिचित शर्मा पर हत्या की साजिश रचने की आशंका है। रूपेश कुमार बिक्रम थाना क्षेत्र के हरपुरा और परिचित शर्मा दनारा का रहने वाला है। जो वर्तमान में सगुना मोड़ न्यू मैनपुरा ललित खटाल के पास रहता है। इन्होंने ने ही मेरे पुत्र की हत्या करवाई है।
वहीं, सिटी एसपी पश्चिमी सरथ आर एस ने बताया की रात्रि 10 बजे के करीब आरपीएस मोड़ के पास अपराधियों ने करण नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। मामले की जांच दानापुर एएसपी दीक्षा भावरे को सौंपी गई है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।