ज्येष्ठ पूर्णिमा की धवल चांदनी रात में शुक्रवार को गंगा, सरयू और सोन नद के संगम स्थित चिरांद के गंगा घाट पर हरिद्वार व काशी जैसे तीर्थों का मनोरम दृश्य सजीव हो गया। सूर्यास्त के बाद वेद ध्वनि के बीच गुरु पूजन व गंगा पूजन के साथ चिरांद विकास परिषद का 16वां समारोह आयोजित की गई। गंगा गरिमा रक्षा संकल्प समारोह का शुभारंभ होने के साथ ही चिरांद का गंगा तट हजारों दीपों से जगमगा उठा। काशी से पधारे आचार्यों ने वैदिक विधान व स्त्रोतों के साथ शास्त्रीय गंगा महाआरती शुरू किया। इस अवसर पर बालासोर रेल दुर्घटना में दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए समारोह में उपस्थित हजारों लोगों के साथ धर्माचार्यों ने मौन प्रार्थना की।
चिरांद विश्व का अद्वितीय तीर्थ स्थल
समारोह का उद्घाटन करते हुए लक्ष्मण किलाधीश अयोध्या के महंत मैथिली रमण शरण महाराज ने कहा कि गंगा, सरयू और सोन नद के प्रत्यक्ष महासंगम पर अवस्थित चिरांद विश्व का अद्वितीय तीर्थ स्थल है। रामायण एवं राम चरित मानस में इस महानतीर्थ को दैहिक, दैविक और भौतिक तापों से मुक्ति दिलाने वाला बताया गया है। इस कलिकाल में भी यह स्थान विश्व को समस्याओं से मुक्ति दिलाने के अभियान का केंद्र बनने का सामर्थ्य है। समारोह की अध्यक्षता करते हुए गंगा समग्र के अखिल भारतीय अध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार सिंह उपाख्य लल्लू ने कहा कि भारत को संकट से मुक्ति दिलाने के लिए गंगा व इसकी सहायक नदियों को स्वस्थ रखना होगा।
स्थानीय कलाकारों ने कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी
चिरांद विकास परिषद के सचिव श्रीराम तिवारी ने संगठन का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए आगे की योजना व संकल्प पर प्रकाश डाला। चिरांद विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजित समारोह में परिषद के संरक्षण महंत कृष्णा गिरी उपाख्य नागा बाबा, बीरेंद्र विमल मंत्री बिहार-झारखंड विश्व हिंदू परिषद, गंगा समग्र के राष्ट्रीय सम्पर्क प्रमुख व एमएलसी सर्वेश कुमार, गंगा समग्र के राष्ट्रीय मंत्री रामाशंकर सिन्हा, अध्यक्ष कृष्ण कांत ओझा, अरूण पुरोहित धर्म प्रचारक सारण, देवेशनाथ दीक्षित, शम्भूनाथ पाण्डेय, पूर्व जिलापरिषद अध्यक्ष राजेन्द्र राय, नेहा पाण्डेय आदि ने भी संबोधित किया। समारोह का संचालन देवेश नाथ दीक्षित ने किया। छपरा के प्रसिद्ध संगीतज्ञ धनंजय मिश्र के निर्देशन में स्थानीय कलाकारों ने कत्थक नृत्य के माध्यम से गंगा अवतरण, गंगा गरिमा रक्षा, गंगा आश्रित जैसे विषयों पर भावोत्तेजक प्रस्तुति दी।