बिहार में सबसे खास पर्व जो मनाया जाता है, उसे आने में बस कुछ ही दिन बच गए हैं। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा में महज कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। छठ महापर्व को देखते हुए पटना में अभी से ही तैयारियां शुरू हो गई है। छठ घाटों पर साफ-सफाई का काम शुरू हो गया है। इसके सौंदर्यीकरण के कामों में तेजी आ रही है।
पटना डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह की ओर से छठ महापर्व, 2024 के सफल आयोजन के लिए छठ पर्व कोषांग का गठन किया गया है। उप विकास आयुक्त इस कोषांग के वरीय नोडल पदाधिकारी बनाए गए हैं। डीएम की ओर से छठ पर्व के अवसर पर समय से घाटों को तैयार करने के लिए घाटों का निरीक्षण, खतरनाक घाटों की पहचान और अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए 109 घाटों को 21 सेक्टर में बांटा गया है। साथ ही सेक्टर पदाधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में 21 टीम की तैनाती की गई है। इन पदाधिकारियों द्वारा 109 घाटों का निरीक्षण कर 18 अक्टूबर तक रिपोर्ट सबमिट किया जाएगा।
डीएम डॉक्टर चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि ‘छठ महापर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीएम ने छठ घाटों की तैयारी, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, घाटों पर नियंत्रण कक्ष और वाच टावर की स्थापना, आपदा प्रबंधन, चिकित्सा व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, लाउडस्पीकर की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा, शौचालय, चापाकल और यूरिनल की व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण सहित विभिन्न बिन्दुओं पर आवश्यक निर्देश दिया है।’
डीएम डॉ. चंद्रशेखर ने कहा कि पदाधिकारियों द्वारा जिला अन्तर्गत सभी घाटों का सम्यक निरीक्षण किया जाएगा। घाटों पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहेगी। पुरूष और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, स्वच्छ पेयजल की सुविधा, पर्याप्त संख्या में पेंडिंग रूम, छठव्रतियों के ठहरने हेतु यात्री शेड, घाटों के बाहर वाहन पार्किंग की सुविधा रहेगी। घाटों की बैरिकेडिंग की जाएगी। घाटों पर जाने के लिए संपर्क पथ की अच्छी स्थिति सुनिश्चित की जाएगी। वाच टावर, नियंत्रण कक्ष, साउंड बॉक्स और सीसीटीवी कैमरा की व्यवस्था की जाएगी।