RANCHI : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 24 से 26 मई तक तीन दिवसीय झारखंड दौरे में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहेगी। वहीं कार्यक्रम स्थलों को नो ड्रोन जोन घोषित कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय के स्तर से पांच हजार से अधिक फोर्स दिये गये हैं। इनमें रांची को 2500, देवघर को 2000 व खूंटी को 900 फोर्स दिये गए हैं। इसमें रैपिड एक्शन पुलिस की टीम भी शामिल रहेगी। इसके अलावा डीआइजी, एसपी, डीएसपी रैंक के अफसरों की भी तैनाती की जायेगी।
22 को करना होगा योगदान
राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर जिन पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है, उन्हें 22 मई को योगदान करने को कहा गया है। राष्ट्रपति विशेष विमान से 24 मई की सुबह रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम की व्यवस्था और सुरक्षा की जवाबदेही एडीजी अभियान अफसरों संजय आनंदराव लाठकर और भू-राजस्व सचिव डॉ अमिताभ कौशल को दी गयी है।
चार कार्यक्रमों के लिए चार आइएएस
रांची के नये हाइकोर्ट भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में आइएएस जितेंद्र कुमार सिंह, नामकुम में आइआइटी के दीक्षांत समारोह के लिए आइएएस राहुल पुरवार, ‘खूंटी के कार्यक्रम के लिए आइएएस प्रशांत कुमार व देवघर के कार्यक्रम को लेकर आइएएस डॉ मनीष रंजन की प्रतिनियुक्ति की गयी है।
व्यवस्था का लिया जायजा
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर डीसी राहुल कुमार सिन्हा और एसएसपी कौशल किशोर ने जायजा लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त होनी चाहिए। राष्ट्रपति के परिभ्रमण मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कहा गया। वहीं, चिकित्सकों की टीम के साथ कार्डियक एम्बुलेंस सभी कार्यक्रम स्थल पर तैनात करने का निर्देश दिया गया। सुरक्षा के लिए क्लोज प्रोटेक्शन टीम रखने व कार्यक्रम स्थल में नो ड्रोन जोन घोषित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, हवाई अड्डा के अतिरिक्त सभी कार्यक्रम स्थल व उनके पहुंच मार्ग पर पड़नेवाले सभी ऊंचे भवनों के अलावा संवेदनशील स्थानों की पहचान कर सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश भी जारी किया गया। भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा व अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा और चौक की साफ-सफाई, सजावट, माल्यार्पण की व्यवस्था और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती करने का निर्देश दिया गया।
24 को बाबा मंदिर में करेंगी पूजा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 24 मई को देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा करेंगी। पूजा-अर्चना के बाद वे रांची के लिए रवाना हो जाएंगी। द्रौपदी मुर्मू झारखंड के राज्यपाल रहते हुए तीन बार बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना कर चुकी हैं और राष्ट्रपति पद पर रहते हुए पहली बार देवघर आ रही हैं। वे तीन दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रही हैं। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने राष्ट्रपति के आगमन पर विधि व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, परिचय पत्र, वाहन पास, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था आदि को लेकर कई दिशा-निर्देश दिया है।