राजधानी रांची में इस बार दुर्गा पूजा को लेकर लोगों में जबरजस्त उत्साह है। माता रानी के आगमन को लेकर भक्त विशेष रूप से तैयारी में जुटे हैं। भव्य पूजा पंडाल के साथ भव्य प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। उधर, रांची प्रशासन की जिम्मेदारियां भी इस वर्ष पूजा को लेकर ज्यादा बढ़ गई है। क्योंकि इस वर्ष पूजा में श्रद्धालुओं की भीड़ काफी उमड़ने वाली है। वहीं प्रशासन अपनी तैयारियों को पुख्ता करता नजर आ रहा है। इसी फेहरिस्त में मंगलवार को केंद्रीय शांति समिति रांची की बैठक रांची के डीसी और एसएसपी के अध्यक्षता में हुई।
पुलिस बलों की पर्याप्त मात्रा में होगी प्रतिनियुक्ति
इस बैठक में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के पदाधिकारियों के अलावा केंद्रीय शांति समिति के सदस्य भी शमिल हुए। शांति समितियों के सदस्यों ने अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। खास कर जो समस्याएं शांति समितियों के द्वारा रखी गई, उसमे सड़क, नाली साफ सफाई, बिजली, स्ट्रीट लाइट को लेकर थी। वहीं प्रशासन द्वारा आश्वस्त किया गया कि इन समस्याओं को जल्द दूर कर लिया जाएगा। इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बलों की पर्याप्त मात्रा में प्रतिनियुक्ति का भी आश्वासन दिया गया। ताकि पूजा के दरम्यान किसी तरह की समस्या न हो वही पूजा समितियों को प्रशासन के द्वारा स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी और फायर सेफ्टी इक्यूपमेंट लगाने का निर्देश
वहीं हाल के दिनों में राजधानी रांची या फिर आस पास के इलाकों में कई ऐसी घटनाएं घटी, जिससे रांची की विधि व्यवस्था खराब हुई। जिसे देखते हुए रांची जिला प्रशासन इस बार के बड़े आयोजनों में कोई भी कमी नही छोड़ना चाहती, जिससे रांची के नाम पर कोई दाग लगे। इसे लेकर वॉलेंटियर की प्रतिनियुक्ति के साथ सीसीटीवी और फायर सेफ्टी इक्यूपमेंट लगाने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निबटा जा सके।