लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य 29 सितंबर यानी की रविवार को सारण जाएंगी। बाढ़ प्रभावित इलाके के लोगों से मुलाकात करेंगी। ये जानकारी रोहिणी ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को दी है। इसमें रोहिणी ने कहा है कि बाढ़ की विभीषिका से जूझ रही अपने सारण की जनता-जनार्दन के बीच 29 सितंबर, रविवार को जाऊंगी। मैं सुबह 10:30 बजे पटना आवास से प्रस्थान करूंगी। रोहिणी वहां युवा साथी स्व.चंदन यादव के परिजनों से मुलाकात करेंगी।
इसके बाद रोहिणी छपरा शहर के बाढ़ प्रभावित इलाके साधुलाल पृथ्वीचंद उच्च विद्यालय के समीपवर्ती इलाकों में जाएंगी। यहां रोहिणी की टीम द्वारा बाढ़ राहत और रिलीफ कैम्प का संचालन किया गया था। इन लोगों से मुलाकात करेंगी। वे छपरा के बाढ़ – प्रभावित क्षेत्र की महिलाओं से संवाद और संपर्क भी करेंगी। रोहिणी, राष्ट्रीय जनता दल प्रधान कार्यालय, रौंजा, छपरा में युवा साथियों – कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क और संवाद करेंगी। माला गांव में भी जनसम्पर्क और जनसंवाद कार्यक्रम करेंगी। इसके बाद रोहिणी पटना लौट आएंगी।
बता दें रोहिणी आचार्या ने सारण से लोकसभा का चुनाव लड़ी थीं। चुनाव में बीजेपी नेता राजीव प्रताप रुढ़ी ने उन्हें हरा दिया था। चुनाव हारने के सात दिनों बाद रोहिणी आचार्या सिंगापुर वापस लौट गईं थीं। रोहिणी सिंगापुर में ही रहती हैं। चुनाव हारने के बाद रोहिणी ने कहा था कि वे सारण की जनता की सेवा हमेशा करती रहेंगी। रोहिणी आचार्या ने ही लालू प्रसाद को अपनी किडनी डोनेट की है जिसके बाद लालू प्रसाद पहले से काफी स्वस्थ हैं।