बिहार में चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी किया है। जिसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि मेरा नाम वोटर लिस्ट में नहीं है। उनका नाम वोटर लिस्ट से कट गया है। उन्होंने खुद इसकी जानकारी पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी है। तेजस्वी यादव ने कहा कि BLO आए थे और हमारा सत्यापन करके गए। फिर भी मतदाता सूची में नाम नहीं है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसे लेकर एक वीडियो भी दिखाया।
तेजस्वी यादव का भी कट गया वोटर लिस्ट से नाम..! चुनाव आयोग पर भड़के, बोले- हम तो नागरिक ही नहीं
हालांकि तेजस्वी यादव के इस दावे के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जिला प्रशासन ने जांच शुरू की और मतदाता सूची में तेजस्वी यादव के नाम होने की पुष्टि की। पटना प्रशासन की ओर से तेजस्वी यादव को टैग कर वोटर लिस्ट में उनके नाम को दिखाया गया है। जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि कुछ समाचार माध्यमों से यह ज्ञात हुआ है कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव का नाम विशेष गहन पुनरीक्षण के प्रारूप मतदाता सूची में नहीं है।

इस बारे में जिला प्रशासन, पटना द्वारा जाँच की गई। इसमें यह स्पष्ट हुआ है कि माननीय नेता प्रतिपक्ष का नाम प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज है। वर्तमान में उनका नाम मतदान केन्द्र संख्या 204, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का पुस्तकालय भवन, क्रम संख्या 416 पर अंकित है। पूर्व में उनका नाम बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का पुस्तकालय भवन, मतदान केन्द्र संख्या 171, क्रम संख्या 481 पर दर्ज था।