मां सिद्धेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा 29 नवंबर से धनबाद में श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में मां सिद्धेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि हनुमंत कथा में धर्मचक्रवर्ती, महामहोपाध्याय, श्रीचित्रकूटतुलसीपीठाधीश्वर, जगद्गुरु रामानन्दाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज भी आएंगे। उन्होंने बताया कि श्री हनुमंत कथा का आयोजन 29 नवंबर से शुरू होगा और 03 दिसंबर तक चलेगा।
गौरतलब है कि त्रिकालदर्शी पंडोखर सरकार के नाम से चर्चित पंडित गुरुशरण शर्मा धनबाद में दिव्य दरबार लगाने वाले हैं। यह आयोजन भी सिद्धेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से किया जाएगा। ट्रस्ट की ओर से इससे पहले भी कई सारे धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा चुका है। बीते अप्रैल माह में बिहार के भोजपुर जिले के गड़हनी प्रखंड स्थित लभुआनी गांव में मां सिद्धेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें मां भगवती की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के साथ महायज्ञ राम कथा का आयोजन बड़े धूमधाम से किया गया। उस महायज्ञ में भी धर्म चक्रवर्ती तुलसी पीठाधीश्वर पद्म विभूषण जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज का आगमन हुआ था। साथ ही मुख्य अतिथि के रुप में बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर भी पहुंचे थे।