Tej Pratap Yadav: पटना की सियासत में मकर संक्रांति अब सिर्फ पर्व नहीं रही, बल्कि ताकत दिखाने और संदेश देने का मंच बन चुकी है। इसी मंच पर इस बार तेज प्रताप यादव सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। कभी निमंत्रण कार्ड बांटते नजर आते हैं, तो कभी कैमरे के सामने तीखे तेवर दिखाते हुए। ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री अशोक चौधरी से मुलाकात के बाद तेज प्रताप यादव ने अपने सरकारी आवास पर होने वाले दही-चूड़ा भोज का न्योता दिया और इसे सार्वजनिक भी किया। लेकिन इस पूरे अभियान के दौरान एक सवाल ने ऐसा माहौल बनाया कि तेज प्रताप का गुस्सा कैमरों में कैद हो गया।
दरअसल, जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को भी दही-चूड़ा भोज का निमंत्रण देंगे, तो तेज प्रताप का लहजा अचानक बदल गया। उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा कि हर जगह जाएंगे, आपको इतनी बेचैनी क्यों हो रही है। यह बेचैनी शब्द बार-बार उनके जवाबों में गूंजता रहा और यहीं से सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई कि आखिर इस प्रतिक्रिया के पीछे क्या वजह है।
मकर संक्रांति के मौके पर दही-चूड़ा भोज बिहार में वर्षों से सियासी शक्ति प्रदर्शन का प्रतीक रहा है। चिराग पासवान, जेडीयू और बीजेपी के बड़े नेता हर साल इसे राजनीतिक संदेश देने के अवसर की तरह इस्तेमाल करते हैं। इस बार भी एनडीए से लेकर विपक्ष तक के कई नेता भोज आयोजित कर रहे हैं। ऐसे माहौल में तेज प्रताप यादव का भोज और उस पर मीडिया से भिड़ंत यह संकेत देती है कि वह खुद को हल्के में लिए जाने के मूड में नहीं हैं।
तेज प्रताप पहले ही कई एनडीए नेताओं को न्योता दे चुके हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि वह तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार को औपचारिक आमंत्रण कब देते हैं। यही सवाल पत्रकारों ने उठाया और यही सवाल तेज प्रताप को चुभ गया। उनका जवाब जितना तीखा था, उतना ही सियासी अर्थों से भरा हुआ भी।
पटना के राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि इस बार लालू प्रसाद यादव की गैरमौजूदगी में तेज प्रताप यादव पिता की राजनीतिक विरासत को अपने अंदाज में आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। मेजबान की भूमिका में रहकर वह यह संदेश देना चाहते हैं कि यादव परिवार की राजनीति केवल एक चेहरे तक सीमित नहीं है। उनके समर्थक इसे जमीनी जुड़ाव और सामाजिक मेलजोल का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि आलोचक इसे आंतरिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देख रहे हैं।






















