जन शक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का स्पष्ट संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बंगाल में चुनाव लड़ेगी, यह तय है।तेज प्रताप ने आगे कहा, “कौन घमंडी है और कौन बेईमान है, वो चुनाव के बाद पता चलेगा।” उन्होंने गठबंधन की संभावनाओं का भी जिक्र किया और बताया कि पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसकी जानकारी जल्द दी जाएगी।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब तेज प्रताप यादव अपनी पार्टी को बिहार से बाहर विस्तार देने की कोशिश में जुटे हैं। JJD पहले ही बंगाल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली MCD चुनावों में उतरने की घोषणा कर चुकी है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की संभावना इसी साल मार्च-अप्रैल में मानी जा रही है, हालांकि चुनाव आयोग की ओर से अभी आधिकारिक तारीखों की घोषणा नहीं हुई है।
तेज प्रताप यादव ने पार्टी की कार्यकारिणी बैठक में बड़े फैसले लेने की भी बात कही थी, जिसमें संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर चर्चा हो रही है। उनका कहना है कि JJD सकारात्मक राजनीति पर जोर देगी और ब्लेम गेम से दूर रहेगी।यह कदम बंगाल में ममता बनर्जी की TMC के लिए नई चुनौती पेश कर सकता है, जहां पहले से ही कई पार्टियां मैदान में हैं। तेज प्रताप की इस घोषणा से राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।






















