बिहार की राजनीति उस समय अलग ही मोड़ पर दिखी, जब तेजस्वी ने नीतीश सरकार के रिपोर्ट कार्ड पेश करने वाले कार्यक्रम में भाजपा की बखिया उधेड़नी शुरू कर दी। उम्मीद थी कि तेजस्वी यादव का निशाना नीतीश कुमार होंगे क्योंकि बिहार में गठबंधन सरकार की जहाज के कैप्टन तो वही हैं। लेकिन तेजस्वी ने पूरा मामला ही उलट दिया।
‘… सीएम बन जाते हम’
तेजस्वी ने कहा कि बेईमानी हमारे खून में ही नहीं है। न लालू प्रसाद यादव ने बेईमानी की। और न ही उनका बेटा करेगा। अगर बेईमानी करनी होती तो भाजपा से समझौता कर लेते और सीएम बन जाते। तेजस्वी ने कहा कि सब जानते हैं कि लालू यादव को कितना परेशान किया गया है। लेकिन लालू यादव और उनके समर्थक लड़ने वाले हैं, कमजोर नहीं हैं।
अतिमहत्वकांक्षी हैं नीतीश
हालांकि तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को क्लीन चिट नहीं दी। तेजस्वी ने नीतीश कुमार को अतिमहत्वकांक्षी बताया। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार को तो हम लोगों ने सीएम भी बनाया था। लेकिन वे अतिमहत्वकांक्षा में हमारा साथ छोड़ गए।
सब हिंदू ही हैं तो खतरे में कैसे?
तेजस्वी यादव ने भाजपा को हिंदुओं का डर दिखाकर सत्ता में बने रहने की साजिश करने वाला बताया। तेजस्वी ने कहा कि देश का पीएम से लेकर सेनाओं के अध्यक्ष, राष्ट्रपति सभी हिंदू हैं तो हिंदू खतरे में कैसे हो गया। खतरे में हिंदू कभी नहीं होता बल्कि ऐसा कहने वालों की कुर्सी खतरे में होती है।
लालू ने भेजा संदेश
कार्यक्रम में मौजूद नहीं होने के बावजूद लालू यादव ने अपना संदेश भेजा, जिसे तेजस्वी ने सुना। तेजस्वी ने कहा कि लालू जी नहीं आ सके क्योंकि बीमार हैं। लेकिन इस परिस्थिति में भी वे झुकने को तैयार नहीं हैं।
तेजस्वी का नीतीश सरकार पर वार
अपने संबोधन के दौरान तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर हमला करते हुए नया नारा दिया। तेजस्वी ने कहा कि
किया शोषण, उत्पीड़न, अत्याचार
दिया बेरोजगारी और भ्रष्टाचार
चोरी से आई चोर सरकार
ले डूबी, पूरा बिहार




















