चुनाव से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सरकार को घेरने का कोई मौक़ा नहीं छोड़ रहे हैं। पटना में आज सुबह-सुबह ही तेजस्वी यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जेडीयू पर सरकारी धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम के नाम पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। तेजस्वी ने इस कार्यक्रम को आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर किया गया एक राजनीतिक प्रचार बताया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने महिला संवाद के नाम पर करीब 225 करोड़ रुपये खर्च कर 600 डिजिटल रथ मंगवाए हैं। उन्होंने दावा किया कि ये रथ वास्तव में चुनाव प्रचार के लिए उपयोग किए जा रहे हैं, न कि जन संवाद या महिला सशक्तिकरण के लिए। तेजस्वी ने यह भी कहा कि इससे पहले भी नीतीश कुमार की यात्राओं के नाम बदले गए हैं, लेकिन उद्देश्य हमेशा एक ही रहा है-जनता के पैसों का दुरुपयोग करके राजनीतिक लाभ लेना।
तेजस्वी ने खुलासा किया कि ग्रामीण विकास विभाग की ओर से नीतीश कुमार की इन यात्राओं पर अब तक 2 अरब 25 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि जब राज्य पर पहले से ही भारी कर्ज है, तब इस तरह के फिजूल खर्च की क्या जरूरत है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिला संवाद जैसे कार्यक्रमों के जरिए जनता को गुमराह किया जा रहा है। इतना ही नहीं तेजस्वी यादव ने बिहार की आर्थिक स्थिति को भी उजागर किया। उन्होंने कागजात दिखाते हुए बताया कि राज्य सरकार 4 लाख 6 हजार करोड़ रुपये के कर्ज में डूबी हुई है। इतना ही नहीं, सरकार हर साल 25 से 30 हजार करोड़ रुपये सिर्फ ब्याज चुकाने में खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति राज्य की आर्थिक बदहाली को दर्शाती है और आने वाले समय में इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
चिराग पासवान छोड़ेंगे केंद्रीय मंत्री का पद !.. बोले- मेरा बिहार मुझे बुला रहा है
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि राज्य में संगठित भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर भ्रष्टाचार तो है ही, इसके अलावा सीओ, बीडीओ और पुलिस विभागों में भी रिश्वतखोरी और दलाली आम हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता इस व्यवस्था से त्रस्त हो चुकी है और हर स्तर पर घूस देना आम बात हो गई है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में अब भ्रष्टाचार सभी रिकॉर्ड तोड़ चुका है।
तेजस्वी यादव ने साफ तौर पर कहा कि नीतीश कुमार की सरकार को अब यह एहसास हो गया है कि अगली बार जनता उन्हें सत्ता से बाहर कर देगी, इसलिए वे सरकारी खजाने को लूटकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाली सरकार को इस भ्रष्टाचार और आर्थिक संकट का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में तेजस्वी यादव ने जनता से अपील की कि वे इस सरकारी ढोंग और भ्रष्टाचार को पहचानें। उन्होंने कहा कि जनता को अब यह समझना होगा कि उनके पैसे का किस तरह दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे ऐसे नेताओं को सत्ता से बाहर करें जो जनता की भलाई के नाम पर सिर्फ अपना राजनीतिक फायदा देखते हैं।