बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, सियासी बयानबाजी अपने चरम पर है। महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित होने के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने एनडीए पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “महागठबंधन में कभी कोई कन्फ्यूजन नहीं रहा, सब कुछ पहले से तय था।” तेजस्वी के मुताबिक, एनडीए के पास आज भी न तो कोई चेहरा है, न कोई ठोस एजेंडा, और न ही जनता के सामने कोई विजन डॉक्युमेंट।
तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया कि अगर भाजपा और उसके सहयोगी दल बिहार के भविष्य के लिए इतने गंभीर हैं, तो अब तक उन्होंने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम क्यों घोषित नहीं किया। उन्होंने कहा कि “महागठबंधन ने साफ-साफ अपना चेहरा, एजेंडा और दिशा तय कर दी है, लेकिन एनडीए आज भी असमंजस की राजनीति में उलझा हुआ है।”
पीएम मोदी और अमित शाह आज यहां भरेंगे हुंकार.. तेजस्वी चुनावी अभियान का करेंगे आगाज
तेजस्वी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयान को भी निशाने पर लिया। शाह ने कहा था कि चुनाव के बाद एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इस पर तेजस्वी ने तंज कसा—“इस बयान से साफ है कि भाजपा अब नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहती। अगर भाजपा नीतीश के साथ होती, तो यह कहने की जरूरत ही नहीं पड़ती कि विधायक नेता चुनेंगे। अमित शाह का बयान यह संकेत देता है कि नीतीश अब भाजपा की पहली पसंद नहीं रहे।”
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि “बिहार के लोग बदलाव चाहते हैं। उन्हें रोजगार चाहिए, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं चाहिए। भाजपा और उसके सहयोगी दल अब भी चेहरे और नेतृत्व की राजनीति में उलझे हैं, जबकि हम जनता की समस्याओं को केंद्र में रखकर चुनाव लड़ रहे हैं।”






















