Tejashwi Europe Tour: बिहार विधानसभा सत्र का आज अंतिम दिन था। पांच दिनों के सत्र में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सिर्फ दो दिन उपस्थित रहे, उसके बाद वह सदन में नहीं दिखे। तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी सत्ता पक्ष को लगातार सियासी हमले करने का मौका दे रही है। बीजेपी और जेडीयू के नेताओं ने सवाल उठाया है कि नेता प्रतिपक्ष को सदन में मौजूद रहकर जनता के मुद्दे उठाने चाहिए थे, लेकिन वे छुट्टियां मनाने में व्यस्त हैं। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जिन लोगों को सदन पर विश्वास नहीं होता, वे ही उससे गायब रहते हैं। उनके मुताबिक, तेजस्वी की यह गैरमौजूदगी जनता के साथ विश्वासघात के बराबर है।
नीतीश कुमार ने बनाया ये रिकॉर्ड.. वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन ने दी बधाई
इसी क्रम में जेडीयू के संसदीय दल के नेता और सुपौल से सांसद दिलेश्वर कामैत ने भी तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया है और उनके पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है जिसे वे सदन में उठा सकें। कामैत ने आरोप लगाया कि राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान नेता प्रतिपक्ष का सदन में अनुपस्थित रहना इतिहास में पहली बार हुआ है, जो साबित करता है कि वे नेतृत्व के योग्य नहीं हैं। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि पहले तेजस्वी के घर में छठ पूजा होती थी, लेकिन अब वे क्रिसमस मनाने चले गए हैं। उनके अनुसार, तेजस्वी यादव का यह व्यवहार बताता है कि आने वाले समय में उनका राजनीतिक वजूद खत्म होने की कगार पर है और यही वजह है कि वे इधर-उधर भाग रहे हैं।
10 हजार सहायता राशि पर RJD का आरोप.. सरकार ने 1.40 करोड़ महिलाओं को दिया, बाकी 4 करोड़ को छोड़ा
बताते चलें कि बिहार की राजनीति इन दिनों तेजस्वी यादव की विदेश यात्रा को लेकर पहले से ज्यादा गर्म हो गई है। मीडिया में खबर चल रही है कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव छुट्टियां मनाने यूरोप पहुंच चुके हैं, जहां वे अपनी पत्नी राजश्री और दोनों बच्चों के साथ समय बिता रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, वे क्रिसमस मनाने के बाद ही भारत लौटेंगे। आरजेडी समेत पूरे महागठबंधन को हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में करारी हार मिली है, जिसमें गठबंधन को केवल 35 सीटें मिलीं, जबकि एनडीए ने 202 सीटों के साथ भारी जीत दर्ज की। ऐसे मुश्किल राजनीतिक समय में नेता प्रतिपक्ष का विदेश जाना एक नया विवाद खड़ा कर रहा है।






















