पटना/चंपारण। 28 अगस्त को कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी महत्वाकांक्षी वोट अधिकार यात्रा के तहत चंपारण पहुंचने वाले हैं। इस यात्रा को लेकर कांग्रेस और महागठबंधन खेमे में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने बड़ा राजनीतिक दावा किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से जनता का समर्थन इस यात्रा को मिल रहा है, उससे साफ संकेत हैं कि बिहार की राजनीति में बदलाव तय है।

डॉ. सिंह के अनुसार, बिहार की जनता लोकतंत्र पर हो रहे हमले और वोट चोरी की घटनाओं से बेहद नाराज़ है। यही वजह है कि लोग बड़ी संख्या में राहुल गांधी की यात्रा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के नेताओं की ताकत इस यात्रा के बाद और बढ़ी है तथा आने वाले विधानसभा चुनाव 2025 में महागठबंधन की सरकार बनना लगभग तय है।
‘घुसपैठियों के नाम हटाने चाहिए या नहीं?’.. चुनाव आयोग ने बिहार SIR पर जनता से पूछे पांच सवाल
भाजपा नेताओं द्वारा महागठबंधन में नेतृत्व को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी उन्होंने स्पष्ट जवाब दिया। डॉ. सिंह ने कहा कि महागठबंधन के भीतर किसी प्रकार का कोई भ्रम या मतभेद नहीं है। तेजस्वी यादव ही महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे और इसी नेतृत्व में भाजपा को कड़ी चुनौती दी जाएगी।






















