Tejashwi Yadav Vijayadashami & Gandhi Jayanti Message: आज का दिन राजनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद खास है। एक ओर देशभर में विजयादशमी का पर्व मनाया जा रहा है, तो दूसरी ओर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती भी है। बिहार जैसे राजनीतिक रूप से संवेदनशील राज्य में यह संयोग और भी अहम हो जाता है क्योंकि इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में नेताओं के संदेश और बयानों को महज औपचारिकता के बजाय एक चुनावी रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
दशहरा पर सीएम नीतीश ने दी बधाई.. लालू यादव ने पूजा पंडाल में मां दुर्गा का लिया आशीर्वाद
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के उत्तराधिकारी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मौके पर जनता को शुभकामनाएं दीं, लेकिन उनके संदेश में छिपा राजनीतिक संकेत साफ नजर आता है। विजयादशमी पर जहां उन्होंने बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की जीत की बात कही, वहीं गांधी जयंती पर अपने संदेश में ब्रिटिश हुकूमत को देश से उखाड़ फेंकने का जिक्र कर वर्तमान सत्ता के खिलाफ परिवर्तन की गुहार भी लगाई।
तेजस्वी यादव ने विजयादशमी पर अपने एक्स हैंडल से संदेश जारी करते हुए कहा कि यह पर्व हमें नकारात्मक प्रवृत्तियों को समाप्त करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने रामायण के संदर्भ में सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की बात कही और लोगों को सुख, शांति और समृद्धि की शुभकामनाएं दीं।
महात्मा गांधी की जयंती पर तेजस्वी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह की विरासत को याद किया। उन्होंने लिखा कि गांधी जी ने न सिर्फ स्वतंत्रता संग्राम को जन आंदोलन का रूप दिया, बल्कि संयम, सादगी और आत्मनियंत्रण से पूरी मानवता को जीवन जीने का संदेश दिया।






















