बिहार के सीएम नीतीश कुमार मिशन 2024 पर तीन दिनों से दिल्ली में हैं। यानि 2024 में पीएम के पद से नरेंद्र मोदी को हटाने की मुहिम में जुटे हैं। इस बीच उनकी गैरमौजूदगी में डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने शासन-व्यवस्था को लेकर काम शुरू कर दिया है। तेजस्वी यादव लगातार विभागीय कार्यों को निपटाने के साथ ग्राउंड वर्क भी कर रहे हैं। मंगलवार देर रात तो उनके एक विजिट से राजधानी पटना में अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए।

PMCH पहुंचे तेजस्वी
डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के पास स्वास्थ्य विभाग का भी प्रभार है। मंगलवार देर रात वे राज्य के सबसे बड़े अस्पताल PMCH का दौरा करने पहुंच गए। अब पीएमसीएच की हालत तो किसी से छुपी नहीं है। आए दिन मरीजों की शिकायत आम है कि उन्हें समय पर अस्पताल में इलाज नहीं हो पाता है। डॉक्टर नहीं मिल पाते हैं। स्टाफ की कमी रहती है। इन्हीं शिकायतों के समाधान के मकसद से उप मुख्यमंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव देर रात पीएमसीएच पहुंचे। यहां पर तेजस्वी यादव ने मरीजों का हालचाल जाना साथ ही वार्ड का भी निरीक्षण किया।
लापरवाही से भड़के स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्रालय का प्रभार लेने के बाद तेजस्वी यादव पहली बार पीएमसीएच पहुंचे। इस पहली ही विजिट में उन्हें कई कमियां मिली। स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों द्वारा की जा रही लापरवाही पर वे गुस्से में दिखे। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मरीजों की शिकायत को उन्होंने नोट भी किया। मौजूद अधिकारियों की क्लास लगाने के बाद बुधवार को आज तेजस्वी यादव ने स्वास्थ्य के सभी बड़े अधिकारियों की हाई लेवल मीटिंग बुलाई है। इसमें स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा करेंगे।




















