Today Weather: बिहार में पछुआ हवा ने ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में घने कोहरे और कोल्ड-डे ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम की यही स्थिति बनी रह सकती है। 10 जिलों में घने कुहासे का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पटना में आज दोपहर में धूप निकल सकती है। हालांकि, पछुआ हवा की वजह से कनकनी बढ़ने की संभावना है। पटना में 30 दिसंबर से मौसम साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
सहरसा सबसे ठंडा जिला रहा
बीते 24 घंटे के दौरान 6.7 डिग्री के साथ सहरसा सबसे ठंडा जिला रहा। भागलपुर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री और गया में 8.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि यह आंकड़े आने वाले दिनों में और नीचे जा सकते हैं। गुरुवार को घने कोहरे के कारण मुंगेर में 5 गाड़ियां टकरा गईं। किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर बिहार के मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा। पहाड़ों से चल रही बर्फीली पछुआ हवाओं ने तापमान में तेजी से गिरावट ला दी है, जिससे ठंड और बढ़ गई है।
न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव
आने वाले दिनों में कई जिलों के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट फिर दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले में निकलने से बचने और गर्म कपड़े पहनने की अपील की गई है।
पटना में कैसा मौसम?
पटना में गुरुवार की सुबह तेज ठंडी हवा के साथ हुई। तेज हवा की वजह से 10 बजते-बजते कुहासा छंट गया। हल्की धूप निकली। धूप का असर कम रहा। इससे पटना का अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान किशनगंज में 23 डिग्री दर्ज किया गया। पूर्णिया जिले में बहुत अधिक ठंड के साथ भागलपुर, गया, मधुबनी जिले में कोल्ड डे रहा।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
27 और 28 दिसंबर को कुछ स्थानों पर घना कोहरा और कोल्ड डे जैसी स्थिति की संभावना है। 29 और 30 दिसंबर को पश्चिम भाग के एक-दो स्थानों पर घना कोहरा और कोल्ड डे की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले पांच दिन तक ऐसा मौसम रहेगा। उत्तर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व भागों के कुछ स्थानों पर कुहासा और बाकी हिस्सों के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कोल्ड डे जैसी स्थिति प्रदेश के उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व भागों के कुछ स्थानों पर होने की संभावना है।






















