बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का आगाज आज यानी 2 फरवरी से हो गया है। यह परीक्षा 13 फरवरी तक चलेगी। पहले ही दिन परीक्षा केंद्रों से कई दिलचस्प और चौंकाने वाली घटनाएं सामने आईं, लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरने वाला मामला जहानाबाद जिले से आया।
जहानाबाद के रतनी प्रखंड के शकूराबाद स्थित प्रवेशिका उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जो देखकर हर कोई हैरान रह गया। यहां दो इंटरमीडिएट परीक्षार्थी पुलिस हिरासत में हथकड़ी लगाए परीक्षा देने पहुंचे। दोनों युवक न्यायिक हिरासत में जेल में बंद थे, लेकिन कोर्ट के आदेश पर उन्हें परीक्षा में शामिल होने की इजाजत दी गई।
इनकी पहचान आसिफ अंसारी और बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। दोनों पर पुलिस कर्मियों पर हमला करने का आरोप है, जिसके चलते वे फिलहाल जेल में हैं। पुलिस ने उन्हें हथकड़ी लगाकर परीक्षा केंद्र लाया, कड़ी जांच के बाद उन्हें परीक्षा हॉल में बैठने दिया गया। परीक्षा पूरी होने के बाद उन्हें वापस जेल पहुंचा दिया गया।पहली शिफ्ट में बायोलॉजी की परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने राहत की सांस ली. छात्रों ने कहा, “पेपर आसान था. सवाल सिलेबस से ही थे. एग्जाम अच्छा गया.” हालांकि, सख्ती भी दिखी. सुबह 9 बजे कई केंद्रों पर गेट बंद कर दिए गए. इसके बाद देर से पहुंचे छात्रों को एंट्री नहीं मिली. नालंदा में कुछ छात्र गेट फांदकर अंदर जाते दिखे. बेगूसराय में लेट होने पर कई छात्राएं रोती नजर आईं.






















